झाड़ियों में पड़े मिले दो नवजात, बाल निगरानी समिति करेगी देखरेख
देहरादून के आइटी पार्क में झाड़ियों में दो नवजात मिले हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों नवजात स्वस्थ हैं।
देहरादून, [जेएनएन]: आइटी पार्क के पास रविवार को झाड़ियों में दो नवजात मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची राजपुर पुलिस ने दोनों को 108 की मदद से दून महिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों नवजात स्वस्थ हैं। फिलहाल उन्हें निक्कू वार्ड में रखा गया। वहीं, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य ने अस्पताल पहुंचकर नवजातों का हाल जाना और उन्हें बाल निगरानी समिति को सौंपने का निर्देश दिया।
शाम को करीब साढ़े पांच बजे बीर सिंह चौहान नामक व्यक्ति आइटी पार्क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें आइटी पार्क के पिछले गेट से सटी झाड़ियों से बच्चों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने करीब जाकर देखा तो पता चला कि दो नवजात झाड़ियों में पड़े हैं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और 108 को दी। इसी दौरान नवजातों के मिलने की सूचना आसपास के क्षेत्र में भी फैल गई। बच्चों को देखने के लिए मौके पर जमघट लग गया।
थाना प्रभारी राजपुर अरविंद सिंह ने बताया कि दोनों नवजात फिलहाल स्वस्थ हैं। उन्हें दून महिला अस्पताल के निक्कू वार्ड में भर्ती कराया गया। बताया कि नवजातों में एक लड़की और एक लड़का है। नवजातों के बारे में क्षेत्र में पता किया जा रहा है।
यह भी पढेें: बिजली के तार से नवजात का गला घोंटकर शव नाली में फेंका
यह भी पढ़ें: बिहार निवासी मजदूर का खेत में पड़ा मिला शव, हत्या की आशंका