देहरादून में नहर में फिर मिले दो हैंड ग्रेनेड, मचा हड़कंप
देहरादून के वसंत विहार के बनियावाला वाला क्षेत्र में नहर में दो और हैंड ग्रेनेड मिले। इससे हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में जुटी है।
देहरादून, [जेएनएन]: वसंत विहार के बनियावाला में शनिवार को दो और हैंड ग्रेनेड मिले। दोनों हैंड ग्रेनेड जिंदा थे, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने डिफ्यूज कर दिया। शुक्रवार को भी यहां नहर में दो हैंड ग्रेनेड मिले थे, जिसके बाद शनिवार को स्थानीय पुलिस बम निरोधक दस्ते के साथ इलाके में कांबिंग करने पहुंची थी।
वसंत विहार के बनियावाला में लगातार दूसरे दिन जिंदा हैंड ग्रेनेड मिलने से सनसनी का माहौल है। पुलिस ने भी लोगों को आगाह किया है कि नहर या झाडिय़ों में पड़ी किसी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाएं। बता दें कि शुक्रवार को भी बनियावाला में नहर में पानी कम होने पर दो हैंड ग्रेनेड मिले थे, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर डिफ्यूज कर दिया था।
शनिवार को एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने वसंत विहार पुलिस को बम निरोधक दस्ते के साथ इलाके में कांबिंग करने का निर्देश दिया। शनिवार सुबह सात बजे शुरू हुई कांबिंग के दौरान दो और हैंड ग्रेनेड मिलने से संभावना बढ़ गई कि नहर और आसपास के इलाके में और भी ग्रेनेड जमीन में या नहर में हो सकते हैं। इसके लिए लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। एसपी सिटी पीके राय ने बताया कि चारों हैंड ग्रेनेड कहां से आए, इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय पुलिस को इलाके में आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रखने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: मिलिट्री कैंप के पास मिले तीन बम, बम निरोधक दस्ते ने लिए कब्जे में
यह भी पढ़ें: हरिद्वार में बम मिलने से हड़कंप, पुलिस ने किया निष्क्रिय