औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में दो कंपनियों के 20 कर्मचारी संक्रमित
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में सोमवार को दो कंपनियों के 20 कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक कंपनी के 18 व दूसरी के दो कर्मी संक्रमित मिले हैं।
देहरादून, जेएनएन। जनपद देहरादून में अब रोजाना ही मरीजों का आंकड़ा दो सौ पार जा रहा है। सोमवार को भी जिले में 241 और लोग संक्रमित मिले हैं। संक्रमित मरीजों के हिसाब से जनपद देहरादून एक बार फिर हरिद्वार को पीछे छोड़कर टॉप पर आ गया है। यहां अब तक 5617 में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 3558 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में सोमवार को दो कंपनियों के 20 कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक कंपनी के 18 व दूसरी के दो कर्मी संक्रमित मिले हैं। दोनों कंपनियों को सैनिटाइजेशन के लिए कुछ समय के लिए बंद किया गया है। सचिवालय में भी कोरोना का कहर कम नहीं हो रहा है। यहां श्रम सचिव, एक संयुक्त सचिव, एक अनुसेवक व एक सफाई कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। वहीं स्वास्थ्य महानिदेशालय में फिर तीन कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। यहां इससे पहले भी कई कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं। जिस कारण स्वास्थ्य महानिदेशालय में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पहले ही बंद किया जा चुका है।
वहीं विकासनगर क्षेत्र में दो व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उधर, ऋषिकेश के पॉश इलाके में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी के साथ बढ़ रहा है। यहां आशुतोष नगर में एक ही घर में रहने वाले पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शनिवार को घर की एक महिला के संक्रमित मिलने पर परिवार के बाकी सदस्यों का टेस्ट कराया गया था। डोईवाला नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को कोरोना के ग्यारह मामले प्रकाश में आए हैं।
यह भी पढ़ें: बढ़ता कोरोना : खिसक रहा मास्क, शारीरिक दूरी भी घटी
अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी की कमी
रायपुर स्टेडियम के समीप स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए पर्याप्त लकड़ी तक नहीं मिल पा रही। इसके अलावा यहां पीपीई किट जलाए जा रहे हैं, लेकिन ठीक से इनका निस्तारण नहीं हो पा रहा। जिससे संक्रमण का खतरा और ज्यादा बढ़ रहा है। सोशल मीडिया पर मैसेज जारी कर लोगों ने जिला प्रशासन ने समस्या का संज्ञान लेने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक की कोविड-19 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव