प्रदेश में बडे़ स्तर पर हो सकते हैं फेरबदल
प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हो सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हो सकते हैं। इस संबंध में पत्रावली मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि इस पर जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है।
प्रदेश में लंबे समय से प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही है। चर्चा यह है कि प्रदेश में कुछ जिलों के जिलाधिकारी समेत सचिव स्तर के अधिकारियों के पदभार बदले जा सकते हैं। दरअसल, बीते दो माह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कई विभागों की समीक्षा की है। इसमें कई विभागों की लापरवाह कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई है। इसके साथ ही विभागीय स्तर व जिलों में केंद्रीय योजनाओं की सुस्त रफ्तार पर भी वह नाराजगी जता चुके हैं। तब से ही अधिकारियों के पदभार में बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई थी। सूत्रों की मानें तो शासन स्तर पर अधिकारियों के तबादले संबंधी सूची तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी गई है। चूंकि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बीते दो दिनों से प्रदेश से बाहर थे इस कारण सूची पर उनका अंतिम अनुमोदन नहीं मिल पाया है। माना जा रहा है कि अब जल्द ही मुख्यमंत्री से मंजूरी मिलने के बाद यह सूची जारी कर दी जाएगी।