उत्तराखंड: पेयजल निगम में बड़ी संख्या में तबादले से मची खलबली, 49 को किया इधर से उधर
Transfer in Peyjal Nigam पेयजल निगम में बड़ी संख्या में अभियंताओं के तबादले किए गए हैं जिससे अफरा-तफरी जैसा माहौल बना हुआ है। सोमवार को निगम के एमडी ने करीब 50 सहायक अभियंताओं के तबादले कर दिए हैं।
देहरादून, जेएनएन। पेयजल निगम में बड़े स्तर पर तबादले होने पर खलबली मच गई है। निगम के एमडी की ओर से 49 अभियंताओं के तबादले किए गए हैं। लंबे समय से देहरादून में बैठे अभियंताओं को भी अब तबादलों का खौफ सताने लगा है। तबादलों से बचने के लिए वह भी इधर-उधर भाग दौड़ करने में जुट गए हैं।
शासन की ओर से शनिवार को अधीक्षण अभियंता निर्माण मंडल पिथौरागढ़ का स्थानांतरण कर उन्हें मुख्य अभियंता गढ़वाल पौड़ी का प्रभार सौंपा गया था। इसके अलावा पेयजल निगम रुड़की में तैनात अधिशासी अभियंता चारू अग्रवाल (यांत्रिक) का तबादला हरिद्वार किया गया। अब 49 अभियंताओं के तबादले अलग-अलग जगह किया गया है। इनमें एक अधिशासी अभियंता के अलावा सहायक और कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से मैदानी क्षेत्रों में जमे अभियंताओं के तबादले नहीं हुए थे, जिसके कारण पहाड़ी जिलों में कम अभियंताओं से काम चलाया जा रहा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए अभियंताओं को इधर से उधर किया गया है।
वी. मुरुगेशन को एडीजी प्रशासन का भी जिम्मा
शासन ने शनिवार को अखिल भारतीय पुलिस सेवा के तीन और प्रांतीय पुलिस सेवा के एक अधिकारी के पदभार में बदलाव किया है। शासन ने अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन को पुलिस आधुनिकीकरण के साथ ही अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन का भी जिम्मा सौंपा है। वरिष्ठ आइपीएस और अपर पुलिस महानिरीक्षक वी विनय कुमार केंद्रीय इंटेलीजेंस ब्यूरो में प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। वह अभी तक अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन के साथ ही अभिसूचना का पदभार भी संभाले हुए थे। उन्हें पांच अक्टूबर तक केंद्र में अपनी तैनाती देनी है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: वी. मुरुगेशन को एडीजी प्रशासन का भी जिम्मा, मणिकांत मिश्र पुलिस अधीक्षक बागेश्वर
इसे देखते हुए शासन ने उनके पदभार अन्य अधिकारियों को आवंटित किए हैं। उप सचिव गृह मुकेश कुमार राय की ओर से जारी आदेश के अनुसार आइपीएस एपी अंशुमान को वर्तमान पदभार के साथ ही महानिरीक्षक अभिसूचना व सुरक्षा का पदभार सौंपा गया है। सीआइडी में तैनात मणिकांत मिश्र को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर का जिम्मा सौंपा गया है। बागेश्वर में तैनात रहीं रचिता जुयाल को राज्यपाल के परिसहाय के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं प्रांतीय पुलिस सेवा के अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक सीआइडी सेक्टर देहरादून के पद पर तैनाती दी गई है।