यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मसूरी में किसी बात को लेकर कार सवार पर्यटकों में हुई बहस, रिवाल्वर निकाल हवा में झोंक दिया फायर
माल रोड स्थित स्टेट बैंक के पास कार सवार कुछ पर्यटकों की आपस में किसी बात को लेकर बहस हो ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मसूरी। मसूरी में रात करीब साढ़े दस बजे माल रोड स्थित स्टेट बैंक के पास कार सवार कुछ पर्यटकों की आपस में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बाद इतनी बढ़ी कि एक युवक ने रिवाल्वर से हवा में तीन फायर झोंक दिए। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे, मगर तब तक आरोपित कार छोड़कर वहां से फरार हो गए। इससे नाराज स्थानीय लोग ने कोतवाली में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग को लेकर वहीं धरने पर बैठ गए। हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
सामाजिक कार्यकर्त्ता मेघ सिंह कंडारी, अमित गुप्ता, महेश चंद्र आदि ने पुलिस को बताया कि रविवार रात कुछ लोग माल रोड पर हंगामा कर रहे थे। इस बीच उनमें कहासुनी होने लगी। तभी उनके बीच से एक युवक ने हवा में तीन फायर कर दिए। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। जो दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर रहे थे, वह भी मौके पर जमा हो गए। इसी बीच मौका पाकर आरोपित वहां से फरार हो गए।
स्थानीय लोग ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की बात कहकर वहां से लौट आई। इससे नाराज लोग कोतवाली पहुंचे और शहर का माहौल खराब होने का हवाला देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग करने लगे। मगर पुलिस की ओर से जवाब नहीं मिलने वह वहीं धरने पर बैठ गए। रात करीब एक बजे तक लोग वहीं धरने पर बैठे थे। हालांकि पुलिस का सिर्फ इतना ही कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
घास के लिए जंगल गई महिला की मौत
उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के निकट जसपुर गांव से जंगल में घास लेने गई एक महिला की पहाड़ी से पैर फिसलने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीण व राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने महिला के शव को गांव तक पहुंचाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि रविवार शाम जसपुर गांव निवासी धीरेंद्र नौटियाल की पत्नी श्यामबदा जंगल में घास लेने गई थी, जो देर शाम तक घर नहीं लौटी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ उसकी खोजबीन की। पहाड़ी के पास उसका शव बरामद हुआ। जिस पर उसके पहाड़ी से गिरने की आशंका जताई गई।
