Top Dehradun News of the day, 23rd August 2019: आचार्य बालकृष्ण एम्स में भर्ती, डेंगू का डंक, कर्नाटक जाएंगे सीएम
दून में तीन खबरें चर्चा में रही। आचार्य बालकृष्ण एम्स में भर्ती गहरा रहा डेंगू का डंक और कर्नाटक जाएंगे सीएम।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून में शुक्रवार को तीन खबरें चर्चा में रहीं। पहली आचार्य बालकृष्ण की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसपर उन्हें एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, डेंगू का डंक लगातार गहराता जा रहा है। देहरादून में डेंगू पीड़ितों की अब तक की संख्या बढ़कर 519 हो गई है। इसके साथ ही दक्षिण राज्यों के निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश करने को आकर्षित करने के लिए अब प्रदेश सरकार कर्नाटक जाएगी।
आचार्य बालकृष्ण एम्स में भर्ती
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल लाया गया। एम्स के चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि आचार्य बालकृष्ण अभी किसी को पहचान नहीं पा रहे हैं और न ही वह कुछ बताने की स्थिति में है। उनकी हालात को सामान्य होने में अभी वक्त लग सकता है। वहीं, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, परमार्थ निकेतन आश्रम के स्वामी चिदानंद सरस्वती आचार्य बालकृष्ण का हाल जानने एम्स पहुंचे।
गहरा रहा डेंगू का डंक
दिन-प्रतिदिन डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। डेंगू के विकराल रूप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजधानी दून में ही अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या पांच सौ पार पहुंच चुकी है। गुरुवार को दून में 38 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी मरीज शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें कुछ मरीज सरकारी व कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इस तरह देहरादून में डेंगू पीड़ितों की अब तक की संख्या बढ़कर 519 हो गई है। जबकि प्रदेश में मरीजों का यह आंकड़ा 531 तक पहुंच गया है। लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे के भी हाथ-पांव फूल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गांजा और चरस तस्करी में पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार
कर्नाटक जाएंगे सीएम
दक्षिण राज्यों के निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश करने को आकर्षित करने के लिए अब प्रदेश सरकार कर्नाटक जाएगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में जाने वाला दल इन्वेस्ट नार्थ सम्मेलन में निवेशकों को हेल्थ और वेलनेस, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन और ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाओं और प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं से अवगत कराएगा।