Top Dehradun News of the day, 14th December 2019: पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, नम आंखों से दी शहीद क्षेत्री को अंतिम विदाई, सेलाकुईं में मृत मिला बिहार का मजदूर
दून में तीन खबरें चर्चा में रहीं। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त नम आंखों से दी शहीद क्षेत्री को अंतिम विदाई सेलाकुईं में मृत मिला बिहार का मजदूर।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून में शनिवार को तीन खबरें चर्चा में रहीं। पहली, उत्तराखंड में गुरुवार से जारी बारिश और बर्फबारी का दौर शनिवार सुबह थम गया, लेकिन दुश्वारियों का सिलसिला जारी है। बारिश और भारी बर्फबारी से कई गांवों का मुख्यालयों से संपर्क कट गया है। वहीं, उत्तराखंड में गुरुवार से जारी बारिश और बर्फबारी का दौर शनिवार सुबह थम गया, लेकिन दुश्वारियों का सिलसिला जारी है। बारिश और भारी बर्फबारी से कई गांवों का मुख्यालयों से संपर्क कट गया है। इधर, सहसपुर थाना क्षेत्र के सेलाकुईं में एक होटल की चाहरदीवारी के पास बिहार का मजदूर मृत हालत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
उत्तराखंड में गुरुवार से जारी बारिश और बर्फबारी का दौर शनिवार सुबह थम गया, लेकिन दुश्वारियों का सिलसिला जारी है। बारिश और भारी बर्फबारी से कई गांवों का मुख्यालयों से संपर्क कट गया है। साथ ही हाड कंपा देने वाली ठंड से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। केदारनाथ में छह फीट से अधिक बर्फ जमी हुई है।सीमांत जिले उत्तरकाशी में बर्फबारी के कारण 35 से अधिक गांव अलग थलग पड़ गए हैं। गंगा और यमुना घाटी के 55 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे के अलावा 10 संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। नई टिहरी जिला मुख्यालय सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बर्फबारी से चंबा-मसूरी मोटर मार्ग सहित आधा दर्जन मोटर मार्ग बाधित हो गए।
नम आंखों से दी शहीद क्षेत्री को अंतिम विदाई
सियाचिन में तैनात रहे दून के लाल सूबेदार अनिल कुमार क्षेत्री को दून में अंतिम विदाई दी गई। टपकेश्वर स्थित मोक्ष धाम में सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद के अंतिम दर्शन को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मोक्षधाम पहुंचे। अनिल कुमार हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के कारण शहीद हुए।
सेलाकुईं में मृत मिला बिहार का मजदूर
सहसपुर थाना क्षेत्र के सेलाकुईं में एक होटल की चाहरदीवारी के पास बिहार का मजदूर मृत हालत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पुलिस ने मजदूर के ठंड से मरने की आशंका जताई है। दरअसल, शनिवार सुबह सेलाकुईं चौकी की पुलिस को लोगों ने सूचना दी थी कि होटल स्पाइस सेलाकुईं की चाहरदीवारी के बाहर सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत पड़ा है। सूचना मिलते ही चौकी सेलाकुईं से दरोगा अशोक गौड़ मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत व्यक्ति की पहचान नगीना प्रसाद निवासी पुरानी बाजार नरकटियागंज पश्चिम चंपारण बिहार, हाल निवासी पीठ वाली गली जबलपुर सेलाकुईं के रूप में की है।