आवास में कब्जा जमाए होमगार्ड को बाहर निकाला
विकासनगर जल विद्युत निगम के अधिकारियों ने डाकपत्थर की पुरानी यमुना कॉलोनी में कब्जा जमाए एक होमगार्ड को बाहर निकाल दिया।
जागरण संवाददाता, विकासनगर: जल विद्युत निगम के अधिकारियों ने डाकपत्थर की पुरानी यमुना कॉलोनी के आवास संख्या सीटी-17 में अवैध कब्जा कर रहे एक व्यक्ति को बाहर निकाल दिया। आरोप है कि जब अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में टीम कब्जा हटवाने पहुंची तो आवास में कब्जा कर रहा व्यक्ति जो खुद को कालसी में तैनात होमगार्ड बता रहा था उसने अभद्रता की। मामले में अधिशासी अभियंता ने यमुना प्रोजेक्ट की सुरक्षा अधिकारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग भी की है।
मंगलवार को डाकपत्थर की पुरानी यमुना कॉलोनी के आवास संख्या सीटी-17 में अनाधिकृत रूप से कब्जा करने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता मोहम्मद अमजद निगम कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। सरकारी आवास में एक व्यक्ति पुताई कराकर सामान रख रहा था। उससे जब टीम ने आवास खाली करने को कहा तो वह अभद्रता पर उतर आया और निगम अधिकारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलते ही निगम के डीजीएम केके जायसवाल, अधिशासी अभियंता अरविद चौरसिया, अरविद कुमार, मनोज पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। डाकपत्थर चौकी की पुलिस व यमुना प्रोजेक्ट की सुरक्षाधिकारी कमला चौहान के सहयोग से सरकारी आवास में रखा सामान आवास के बाहर निकाला गया। जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता मोहम्मद अमजद ने डाकपत्थर की पुरानी यमुना कॉलोनी के आवास में अवैध रूप से कब्जा किए जाने के संबंध में प्रोजेक्ट की सुरक्षाधिकारी को तहरीर दी। जिसमें अधिशासी अभियंता ने कहा कि सरकारी आवासों में अवैध कब्जों के कारण संबंधित कॉलोनियों में अशांति का माहौल उत्पन्न हो गया है। इस स्थिति से कॉलोनियों में रह रहे निगम कर्मियों में रोष है। अधिशासी अभियंता ने यमुना प्रोजेक्ट की सुरक्षाधिकारी से अवैध कब्जे के प्रकरण को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने और कार्रवाई की मांग की। ताकि विभागीय कार्मियों के साथ किसी प्रकार की दुर्घटना होने से रोका जा सके। साथ ही अवैध अध्यासन के विरुद्ध कार्रवाई में कठिनाई उत्पन्न न हो।
उधर, डाकपत्थर चौकी इंचार्ज कुंदन राम के अनुसार पुलिस के सहयोग से निगम अधिकारियों ने सरकारी आवास में अवैध कब्जा खाली करा दिया गया है। कब्जा करने वाला खुद को कालसी में तैनात होमगार्ड बता रहा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक चौकी में कोई तहरीर नहीं आई है।