Move to Jagran APP

Diwali 2020: एक साथ मनाई गई छोटी दीपावली और धनतेरस, बाजार में हुई धनवर्षा

धनतेरस और छोटी दीपावली का त्‍योहार आज एक साथ मनाया जा रहा है। त्रयोदशी गुरुवार रात साढ़े नौ बजे से लगी है। मान्यता है कि धनतेरस सूर्योदय या प्रदोष काल यानि सांय काल की पूजा के समय से ही माना जाता है।

By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 13 Nov 2020 10:13 AM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2020 10:52 PM (IST)
Diwali 2020: एक साथ मनाई गई छोटी दीपावली और धनतेरस, बाजार में हुई धनवर्षा
धनतेरस और छोटी दीपावली का त्‍योहार आज एक साथ मनाया जा रहा है।

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में छोटी दीपावली और धनतेरस उल्लास के साथ मनाए गए। इस दौरान जमकर खरीदारी भी हुई। ग्राहकों ने अपनी आवश्यकता और मान्यताओं के अनुसार सामान खरीदा। सोने-चांदी के सिक्के, जेवरात, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति की बिक्री हुई। पूजा, झाड़ू और बर्तन की दुकान के अलावा मिठाई की दुकान, इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान, वाहनों के शोरूम में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। शुभ मुहूर्त में सामान खरीदने की ललक से बाजारों में जाम की स्थिति देखने को मिली। देर रात तक दुकानों पर आ रहे ग्राहकों से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। बाजार में लोग एक स्थान पर ज्यादा भीड़ न लगाएं, इसे लेकर प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए थे।

loksabha election banner

धन, वैभव, यश, लक्ष्मी, प्रगति, उन्नति, सुख-शांति की कामना को लेकर धनतेरस पर सामानों की खरीदारी के लिए बाजार में सुबह से ही भीड़ उमड़ी रही। शाम को शुभ मुहूर्त के अनुसार भगवान विष्णु का स्वरूप धन्वंतरि का पूजन कर भक्तों ने आरोग्य जीवन की कामना की। इसके बाद विधिवत मंत्रोच्चार किया गया। इसके अलावा नरक चतुदर्शी यानी छोटी दीपावली पर भी परिवार के सदस्यों ने माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए पूजा की और घर के बाहर दीये जलाए। शहर के विभिन्न मंदिरों में भी पूजा अर्चना हुई।    

खूब बिके झाड़ू

धनतेरस पर झाडू खरीदे जाने की परंपरा के मद्देनजर सभी चौक चौराहों पर झाडू के दुकानें भी सजी हुई थी। जमकर झाड़ू की खरीदारी हुई। बाजार में सामान्य दिनों में 40 रुपये का झाडू 70 से 80 रुपये तक बिके।

घरेलू सजावट का सामान खूब बिका

धनतेरस और दीपावली को लेकर घरेलू सजावट के सामान की भी खूब बिक्री हुई। बिजली की लडिय़ां, स्वास्तिक, लक्ष्मी-गणेश के स्टिकर, पोस्टर, प्राकृतिक वादियों के पोस्टर के अलावा अन्य सामानों की भी खूब बिक्री हुई। इसके अलावा दीपावली के लिए खील बतासे- मिठाई, नारियल की भी खरीदारी हुई।

चांदी के सिक्के और मूर्तियों की खरीदारी

धनतेरस पर ज्वेलरी दुकानों में भी अच्छी खासी खरीदारी हुई। सोने की दाम में उछाल के बाद भी खरीदारी करने से लोग पीछे नहीं रहे। चांदी और सोने के सिक्कों की भी खासी मांग रही। सोने पर महंगाई की मार से लोग चांदी की ज्वेलरी की खरीदारी करने से नहीं छूटे। चांदी के सिक्कों में शुभ संकेत स्वास्तिक, लक्ष्मी -गणेश की मूर्ति व अन्य संकेतों के चांदी के सिक्कों की बिक्री जमकर हुई है। युवा सराफा मंडल के महासचिव गौरव रस्तोगी ने बताया कि इस बार उम्मीद से ज्यादा कारोबार रहा। ज्वेलर्स के लिए अच्छी बात यह रही कि व्यक्तियों ने दो दिन धनतेरस मनाया, जिसका फायदा ज्वेलर्स को मिला और दोनों दिन ग्राहक से फुर्सत नहीं मिली। इधर, बर्तन की दुकानों में तांबा व कांसा की मूर्तियों के अलावा स्टील के बर्तन और अन्य आवश्यकताओं का सामान खरीदा। पलटन बाजार में बर्तन के दुकानदार राहुल ने बताया कि काम बहुत अच्छा रहा। कोरोना ने भले ही कारोबार प्रभावित किया हो, लेकिन इस त्योहार से बड़ी आस जगी।

ऋषिकेश में धनतेरस को लेकर बाजार में रौनक 

दीपावली से पहले धनतेरस पर बाजार में रौनक नजर आई। हालांकि धनतेरस के शुभ मुहूर्त को लेकर लोग असमंजस की स्थिति में रहे। इसके बाद भी स्थानीय नागरिकों ने बाजार से खूब खरीदारी की। लंबे समय से कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के कारण बाजार पटरी से उतरा हुआ था। अनलॉक की प्रक्रिया में धीर-धीरे बाजार खुलना शुरू हुआ और त्योहारों के आने के साथ ही बाजार भी गति पकड़ने लगा है। इन दिनों दीपावली के साथ ही विभिन्न त्योहारों आने से बाजार में रौनक लौट आई है। 

गुरुवार को दीपावली को लेकर बाजार को खूबसूरत ढंग से सजाया गया था। इसके लिए व्यापारी कई दिनों से तैयारी कर रहे थे। गुरुवार को बाजार में खूब भीड़-भाड़ उमड़ी। हालांकि शास्त्रीय मान्यता के अनुसार देर सायं से धनतेरस का शुभ मुहूर्त होने और धनतेरस शुक्रवार तक प्रभावी रहने के कारण दिन के समय तक खरीदारी धीमी ही रही। जबकि सायं के समय खासी संख्या में लोग खरीदारी के लिए उमड़े। 

नागरिकों ने बाजार में घरों की सजावट के लिए फूल, मालाएं, सजावट के सामान, मिट्टी के दीये, कंदील, झालर, लड़ि‍यां और रोशन व जगमगाहट से जुड़े अन्य उपकरण लिए।

ऑटो बाजार में भी रही चमक 

ऑटो बाजार में भी जबरदस्त उत्साह देखा गया। दुपहिया और चौपहिया वाहन निर्माता कंपनियों ने अपने शो-रूम और दुकानों पर धनतेरस को देखते हुए एडवांस में ही स्टॉक पहुंचा दिया था। गुरुवार को ऋषिकेश के सभी वाहनों के शो-रूमों पर भी भीड़ नजर आई। इसके साथ ही ज्वेलरी शॉप पर भी खरीदारों की खासी भीड़ रही।

ग्रीन दीपावली मनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ऋषिकेश में पुष्पा वडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ढालवाला में दीपावली के उपलक्ष्य में इको फ्रेंडली दीपावली मनाई गई। इस दौरान आयोजित रंगोली एवं दीप सज्जा प्रतियोगिता में सत्यम यादव, हरिओम नौटियाल व हर्ष धीमान की टीम प्रथम रही। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक हर्षमणि व्यास, उपाध्यक्ष भरतमणि कुड़ि‍याल व प्रधानाचार्य विजय बडोनी ने किया। इस मौके पर रंगोली, दीप सज्जा व दीपदान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें देशभक्ति, पर्यावरण, कोरोना व संस्कृति थीम पर छात्रों ने रंगोली तैयार की।

रंगोली एवं दीप सज्जा प्रतियोगिता में छात्र नमन पायल, तुषार बिरला व सचिन पुरोहित तथा साहिल रिकोला, आशीष नेगी व आयुष सकलानी की टीम संयुक्त रूप से द्वितीय जबकि अभिषेक रावत, मयंक पोखरियाल, सागर पुंडीर व अमन सिंह की टीम तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर आचार्य सतीश प्रसाद रतूड़ी, दिनेश सकलानी, अनीता भट्ट, वीरेंद्र गौड़, नवनीश शर्मा, देवराज बिष्ट, प्रभाकर भट्ट, सुनील कुमार राजपूत, जयेंद्र चमोली,  देवीशंकर नैथानी, नरेश पुंडीर, बिशन सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: धनतेरस पर खरीदारों की उमड़ी भीड़, पलटन बाजार पैक; बाहरी रूटों पर सामान्य रहा ट्रैफिक


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.