तीन दिन की छुट्टी से ट्रैफिक प्लान से बदले रूट, मसूरी-ऋषिकेश जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू
देहरादून पुलिस ने लगातार तीन दिन की छुट्टियों के चलते मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और आसपास के पर्यटन स्थलों में उमड़ने वाली भीड़ के लिए ट्रैफिक प्लान लागू किया है।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। लगातार तीन दिन की छुट्टियों के चलते मसूरी, ऋषिकेश, चकराता और आसपास के पर्यटन स्थलों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शुक्रवार से रविवार तीन मई तक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है।
इस बार केवल मसूरी मार्ग ही नहीं, बल्कि देहरादून शहर, ऋषिकेश, विकासनगर व चकराता की ओर जाने वाले मार्गों पर भी चरणबद्ध डायवर्जन तय किए गए हैं। दबाव बढ़ते ही प्लान ए, बी और सी लागू होंगे, ताकि जाम से शहर और पहाड़ी मार्ग दोनों को राहत मिल सके।
दिल्ली, हरियाणा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की से एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को डाटकाली–आरटीओ चेकपोस्ट–ट्रांसपोर्ट नगर–आइएसबीटी–शिमला बाईपास–सेंट ज्यूड चौक–कमला पैलेस–बल्लूपुर–कैंट–जोहड़ी–पुरकुल–कुठालगेट होकर मसूरी भेजा जाएगा। अगर, दबाव बढ़ा तो ट्रैफिक को लक्ष्मी धर्मकांटा–सेंट ज्यूड–बल्लूपुर–कैंट–सर्किट हाउस–बीजापुर–किमाड़ी–हाथीपांव मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह चकराता जाने वाले वाहनों के लिए अलग कारिडोर होगा। एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन जीएमएस रोड–सिंघनीवाला–नया देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर–लांघा रोड से चकराता भेजे जाएंगे।
वहीं, प्रेमनगर और बल्लूपुर की ओर से निकलने वाले वाहनों को भी कौलागढ़, सप्लाई और किमाड़ी मार्ग से मसूरी की ओर बढ़ाया जाएगा।
वापसी में भी बदले रहेंगे रास्ते
मसूरी से लौटने वाले वाहनों को गंतव्य के अनुसार अलग-अलग मार्ग दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले वाहन पुराना राजपुर रोड–साईं मंदिर–जोहड़ी गांव कट–सीएसडी–कैंट–बल्लूपुर से निकलेंगे।
आशारोड़ी की ओर जाने वालों को दिलाराम–ईसी रोड–फव्वारा चौक–रिस्पना–आइएसबीटी भेजा जाएगा, जबकि ऋषिकेश जाने वाले वाहन कृषाली–मालदेवता–थानो–भानियावाला मार्ग से गुजरेंगे।
ऋषिकेश के लिए भी तीन स्तर का प्लान
हरिद्वार और देहरादून से ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को सामान्य स्थिति में नटराज चौक–ढालवाला–भद्रकाली–बाईपास–तपोवन–ब्रह्मपुरी–शिवपुरी भेजा जाएगा।
दबाव बढ़ने पर लालतप्पड़–भानियावाला–रानीपोखरी होते हुए मोड़ा जाएगा और अत्यधिक दबाव की स्थिति में नरेंद्रनगर मार्ग को सक्रिय किया जाएगा।
भारी वाहनों को जरूरत पड़ने पर नेपाली फार्म से देहरादून की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। ऋषिकेश में रात्रि नो-एंट्री खुलने के बाद ही उन्हें प्रवेश मिलेगा।
मसूरी में पार्किंग भरते ही लागू होगा नया प्लान
मसूरी में पहले चरण में वाहन सामान्य रूप से किंक्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस तक जाएंगे।
पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत पार होते ही पर्यटक वाहनों को किंक्रेग पार्किंग में रोक दिया जाएगा और वहां से लोकल टैक्सी और शटल सेवा से आगे भेजा जाएगा।
यदि वहां भी जगह नहीं रही तो ट्रैफिक को गज्जी बैंड से हाथीपांव–जीरो प्वाइंट की ओर मोड़कर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा।
शहर के भीतर भी अलर्ट मोड
देहरादून में मसूरी रोड पर जाखन स्थित पैसिफिक माल पर दबाव होने पर ट्रैफिक को इंद्रबाबा मार्ग–कैनाल रोड–ग्रेट वैल्यू तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
सेंट्रियो माल पर दबाव बढ़ने पर वाहन एनेक्सी–सीएसडी–बिंदाल मार्ग से निकलेंगे। सहस्त्रधारा और गुच्चूपानी में भी बैरियर लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
पार्किंग पहले देखें, फिर निकलें
देहरादून में परेड ग्राउंड, कनक चौक मल्टीलेवल, एमडीडीए पार्किंग, मसूरी में पिक्चर पैलेस, किंग क्रेग, टाउन हाल, ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप, आइडीपीएल, कालीकमली आश्रम और विकासनगर में बाड़वाला मेला ग्राउंड व हरबर्टपुर बस स्टैंड पार्किंग के लिए चिह्नित किए गए हैं।
पुलिस की अपील
नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टोह कर चालानी कार्रवाई होगी। एंबुलेंस, फायर और पुलिस जैसे आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। वाहन चालकों से अपील है कि धैर्य रखें, अनावश्यक हार्न न बजाएं और मार्गों पर लगे सूचना बोर्डों का पालन करें।
