थराली के नतीजों पर कांग्रेस की टकटकी
राज्य ब्यूरो, देहरादून थराली विधानसभा उपचुनाव में ऊंट किस करवट बैठा, यह गुरुवार को साफ
राज्य ब्यूरो, देहरादून
थराली विधानसभा उपचुनाव में ऊंट किस करवट बैठा, यह गुरुवार को साफ हो जाएगा। उपचुनाव को प्रतिष्ठा का मुद्दा बना चुकी कांग्रेस नतीजों पर टकटकी बांधे है। पार्टी ये मानकर चल रही है कि उपचुनाव के नतीजे उसके पक्ष में होंगे।
थराली विधानसभा सीट भाजपा विधायक मगनलाल शाह के निधन से रिक्त हुई थी। इस सीट पर चुनाव के लिए मतदान बीती 28 मई को हो चुका है। अब नतीजे सामने आने में सिर्फ एक दिन का वक्त शेष है। इससे कांग्रेस की बेचैनी साफ बढ़ी दिखाई दे रही हैं। दरअसल, कांग्रेस का मानना है कि इस सीट पर उपचुनाव के नतीजे यदि उसके पक्ष में रहते हैं तो इसका सियासी संदेश सिर्फ थराली या उत्तराखंड तक सीमित रहने वाला नहीं है। वैसे भी बीते दिनों देश में विभिन्न स्थानों पर हुए उपचुनावों के नतीजे भाजपा के लिए उत्साहजनक नहीं रहे।
कांग्रेस इसे देखते हुए केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ अपनी प्रचार मुहिम को तेज किए हुए है। इसी वजह से थराली उपचुनाव में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी। प्रदेश के नए प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत तमाम बड़े दिग्गज नेताओं ने थराली उपचुनाव प्रचार में जोरशोर से भागीदारी की। अब कांग्रेस की निगाहें उपचुनाव के नतीजों पर हैं। नतीजे विपरीत रहने की स्थिति में ईवीएम को निशाने पर लेना तय माना जा रहा है।