पाला और कोहरे ने उत्तराखंड में बढ़ाई ठंड, गिर रहा पारा
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस बार शुष्क मौसम में कोहरा, धुंध व पाला पहाड़ों से लेकर मैदान तक सूखी ठंड को बढ़ा रहा है।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस बार शुष्क मौसम में कोहरा, धुंध व पाला पहाड़ों से लेकर मैदान तक सूखी ठंड को बढ़ा रहा है। पिछले पांच दिनों में दून के अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज कर गई। जिससे सुबह एवं शाम की ठंड में इजाफा हुआ है।
गुरुवार सुबह की बात करें तो मसूरी में पाला गिरने से न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद धूप खिलने से लोगों ने राहत महसूस की। देहरादून के कुछ इलाकों में धुंध रही। वहीं, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश में सुबह तटवर्ती इलाकों में कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के बाद ही धूप भी खिल गई।
अन्य इलाकों में गढ़वाल के पौड़ी, उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली में सुबह से ही धूप निकल गई। वहीं, हरिद्वार और रुड़की में भी मौसम साफ रहा। कुमाऊं में नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, उधमसिंह नगर, अल्मोड़ा व बागेश्वर में भी सुबह धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश एवं ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
30 नवंबर को दून का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। वहीं, बुधवार को दून का अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित हो सकते हैं। उधर, चारधाम सहित गढ़वाल व कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों के अधिकांश इलाकों में दिन तक बादल छाए रहे जिससे ठंड में इजाफा हुआ है।
पहाड़ों में सुबह एवं शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य का मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में सुबह एवं शाम के समय धुंध छाई रहनी की संभावना है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के चारधाम में बारिश और बर्फबारी के आसार, पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
यह भी पढ़ें: मसूरी की सर्द हवाओं से दून में बढ़ी ठंड, कोहरे की चेतावनी
यह भी पढ़ें: देहरादून और मसूरी में सुबह-शाम ठंड में हुआ इजाफा