गंगा में बह रहा था किशोर, जल पुलिस ने बचाया
त्रिवेणी घाट के पास गंगा की तेज धारा में एक लकड़ी के सहारे बह रहे किशोर को जल पुलिस ने सकुशल बचा लिया। इस दौरान पुलिस को आधे घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
ऋषिकेश, [जेएनएन]: त्रिवेणी घाट के पास गंगा की तेज धारा में एक लकड़ी के सहारे बह रहे किशोर को जल पुलिस ने सकुशल बचा लिया। इस दौरान पुलिस को आधे घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक त्रिवेणी घाट के समीप रोहित राजभर (14 वर्ष) पुत्र उद्धव राजभर निवासी चंद्रभागा गंगा की तेज धारा में एक लकड़ी के सहारे बहता हुआ लोगों को नजर आया।
पढ़ें-गंगा में नहाते समय युवक डूबा, लापता
इसकी जानकारी लोगों ने जल पुलिस को दी। जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए इस किशोर को किनारे से सांत्वना दी और उसे इसी तरह लकड़ी के सहारे बैठे रहने की सलाह दी।
पढ़ें:-रुद्रप्रयाग में बाइक समेत नदी में समाया युवक, लापता
करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद त्रिवेणी घाट से करीब 200 मीटर आगे बहत्तर सीढ़ी के समीप जल पुलिस के जवानों ने उसे रस्सियों के सहारे सकुशल बाहर निकाल लिया।
होश आने पर इस किशोर ने बताया कि चंद्रभागा नदी के किनारे वह गंगा में नहा रहा था। इसी दौरान वह गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गया। जब वह डूबने लगा तो इस बीच नदी में उसे एक बड़ी लकड़ी दिखाई दी। और वह उसके ऊपर बैठ गया।
पढ़ें:- वीकएंड पर दोस्तों के साथ दिल्ली से घूमने आया युवक गंगा में डूबा
बाद में पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस टीम में त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज आशीष गोसाई, विनोद कुमार, विपिन काला, कुलदीप दानू, हरीश गुसाई, ऋषि कुल त्यागी, चिराग आदि शामिल थे।