बदलते मौसम में स्वास्थ्य का रखें खास ख्याल, बरतें ये सावधानियां
मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। दिन में पारा सामान्य है तो रात और सुबह के समय सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत है।
ऋषिकेश, जेएनएन। इन दिनों मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। दिन में पारा सामान्य है तो रात और सुबह के समय सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है और आप बीमारी की जद में आ सकते हैं।
दीपावली के बाद मौसम के मिजाज में तेजी से परिवर्तन आया है। इन दिनों पारा न्यूनतम 17 डिग्री जबकि अधिकतम पारा 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। यानी प्रतिदिन हमारा शरीर दस डिग्री सेल्सियस का उतार चढ़ाव झेल रहा है। तापमान में हुई कमी के कारण इन दिनों डेंगू से तो कुछ राहत जरूर मिली है। मगर, अभी भी वायरल बुखार और कुछ जगहों डेंगू का खतरा बना हुआ है।
मौसम में आ रहा यह बदलाव अन्य बीमारियों का भी कारण बन सकता है। इसलिए बदलते मौसम में सेहत का ख्याल न रखना भारी पड़ सकता है। चूंकि मौसम में तेज उतार चढ़ाव के अनुसार शरीर अपने आप को ढाल नहीं पाता और बीमारी का शिकार हो जाता है। सर्दी से गर्मी और गर्मी से सर्दी में बदलता मौसम लोगों के स्वास्थ्य पर असर डालता है। इसलिए जरूरी है कि इस मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
रोग प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ता है असर
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम में इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है। ऐसे में सर्दी जुकाम और बुखार की परेशानी आम बात है। निर्मल अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. अमित अग्रवाल बताते हैं कि ऐसे मौसम में खानपान तथा रहन-सहन के मामले में खास ध्यान देने की जरूरत होती है। सर्दी होने पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन अधिक से अधिक करना चाहिए।
गर्मी होने पर खूब पानी और अन्य पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। ऐसे मौसम में वायरल बुखार के मामले सबसे अधिक बढ़ते हैं। बड़ों के साथ बच्चे भी वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इस मौसम में बच्चों तथा बुजुर्गों को एहतियात बरतने की जरूरत है। कभी सर्द तो कभी गर्म मौसम होने के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार जैसी बीमारियां लोगों को परेशान कर रही हैं। सबसे पहले बच्चे इनकी चपेट में आते हैं।
यह भी पढ़ें: इस तरह रखें अपने खान-पान का सही ख्याल, बीमारी जाएगी दूर भाग
बदलते मौसम में बरतें यह सावधानियां
- बदलते मौसम में संक्रमण का खतरा होता है। ऐसे में सूती वस्त्र ही पहनना चाहिए।
- खान पान पर ध्यान देने की जरूरत है। पौष्टिक आहार लेना चाहिए, इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। पर्याप्त पानी पीना चाहिए।
- ठंडे पदार्थों का सेवन भी कई बार वायरल बुखार का कारण बन जाता है।
- अगर सिर दर्द या बुखार महसूस हो तो अपनी मर्जी से दवा न लें। विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह से ही लें।
- सुबह की सैर के साथ-साथ योग भी अच्छा व्यायाम होता है। बदलते मौसम में नियमित योग करना चाहिए।
- मौसम बदलते समय खांसी एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इससे पीडि़त मरीज को रोजाना भाप लेने के साथ नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: हर बीमारी के लिए नहीं दौड़ना पड़ेगा डॉक्टर के पास, इस खबर में पढ़िए कुछ रामबाण इलाज