विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरिद्वार में शोभा यात्रा पर पथराव : तस्‍वीरों में देखें, यूपी की तर्ज पर आरोपितों को गिरफ्तार करने बुलडोजर संग पहुंची पुलिस

By Nirmala BohraEdited By:
Published: Sun, 17 Apr 2022 12:32 PM (IST)Updated: Sun, 17 Apr 2022 12:56 PM (IST)

भगवानपुर पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर बुलडोजर लेकर गांव में पहुंची है। ...और पढ़ें

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि शाम तक आरोपित थाने नहीं पहुंचे तो उनके घरों को गिरा दिया जाएगा।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि शाम तक आरोपित थाने नहीं पहुंचे तो उनके घरों को गिरा दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता रुड़की : हरिद्वार जिले के डाडा जलालपुर गांव में शनिवार की रात को हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर निकाली गई शोभा यात्रा पर पथराव व आगजनी के मामले में अब पुलिस कार्रवाई करने को तैयार है। भगवानपुर पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर बुलडोजर लेकर गांव में पहुंची।

आरोपित थाने नहीं पहुंचे तो उनके घरों को गिरा दिया जाएगा

आरोपितों की तलाश में गांव में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित थाने नहीं पहुंचे तो उनके घरों को गिरा दिया जाएगा। भगवानपुर थाना क्षेत्र के डाडा जलालपुर गांव में शनिवार को रात के समय हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर शोभा यात्रा का आयोजन किया गया था।

कई वाहनों में आग लगा दी थी

इस दौरान समुदाय विशेष के व्यक्तियों ने शोभा यात्रा पर पथराव कर दिया था। कई वाहनों में आग लगा दी थी। जिसके चलते जमकर बवाल हुआ, यहां तक कि चौकी इंचार्ज तक घायल हो गए। इसके बाद डीएम और एसएसपी पूरे जिले का पुलिस बल लेकर गांव में पहुंचे। रविवार तड़के 3:00 बजे तक तमाम अधिकारी गांव में ही जमा रहे।

हिंदू संगठनों की ओर से पुलिस को चेतावनी

किसी तरह से मामले को शांत कराया गया। हालांकि अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। कुछ परिवार डरे सहमे घरों के अंदर हैं। हिंदू संगठनों की ओर से पुलिस को चेतावनी दी गई है कि यदि शाम तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो थाने पर धरना और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।

संभावित स्थानों पर लगातार दबिश

इसके चलते भगवानपुर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी करने के लिए गांव में बुलडोजर लेकर पहुंच गई। भगवानपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि गांव में आरोपित नहीं मिले हैं, इसलिए चेतावनी दी गई है कि यदि वह थाने नहीं पहुंचे तो उनके घरों को गिरा दिया जाएगा। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

यह भी देखें :- हरिद्वार : हनुमान जयंती पर निकाली जा रही थी शोभायात्रा कि तभी शुरू हो गया पथराव, आगजनी और तोड़फोड़, तस्‍वीरों में पूरा घटनाक्रम