एसएस जीना विवि से संबद्ध होंगे चार जिलों के कॉलेज
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय पर संबद्ध कॉलेजों का बोझ घटना तय हो गया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय पर संबद्ध कॉलेजों का बोझ घटना तय हो गया है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में राज्य के सभी स्नातकोत्तर और डिग्री कॉलेजों को संबद्धता नया विश्वविद्यालय देगा। इसका स्वरूप आवासीय सह संबद्धता का होगा। आवासीय परिसर में विशेष कार्यक्रम व सुविधाएं होंगी। विधानसभा में सोमवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय विधेयक पारित हो गया।
पिछली कांग्रेस सरकार में बनाए गए अल्मोड़ा आवासीय विश्वविद्यालय का राज्य की भाजपा सरकार ने कायाकल्प कर दिया है। अल्मोड़ा आवासीय विश्वविद्यालय एक्ट को निरसित कर नया विश्वविद्यालय बनाया गया है। विश्वविद्यालय के तीन परिसर पंडित बद्रीदत्त पांडे पीजी कॉलेज बागेश्वर, लक्ष्मण सिंह महार पीजी कॉलेज पिथौरागढ़ व सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा होंगे। इसका मुख्यालय अल्मोड़ा में होगा। नए विश्वविद्यालय से कुमाऊं विश्वविद्यालय को बड़ी राहत मिलेगी।
कुमाऊं विश्वविद्यालय से फिलवक्त 100 से अधिक महाविद्यालय संबद्ध हैं। हालांकि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों के मुताबिक किसी भी विश्वविद्यालय से 100 से अधिक महाविद्यालय संबद्ध नहीं होने चाहिए। अल्मोड़ा आवासीय विश्वविद्यालय में चल रहे सभी पाठ्यक्रम और कार्यक्रम सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में शामिल हो जाएंगे।