श्रीगुरु नानक देव ने दी समाज को नई दिशा
श्रीगुरु नानक देव ने समाज को नई दिशा देने का काम किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर मनुष्य अपना और दूसरों का जीवन सफल बना सकता है। यह बात पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर हास्य कलाकार गुरप्रीत सिंह गुग्गी ने एक कार्यक्रम में कहीं।
जागरण संवाददाता, देहरादून: श्रीगुरु नानक देव ने समाज को नई दिशा देने का काम किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर मनुष्य अपना और दूसरों का जीवन सफल बना सकता है। यह बात पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर हास्य कलाकार गुरप्रीत सिंह गुग्गी ने एक कार्यक्रम में कहीं।
शनिवार को यूनाइटेड सिख फेडरेशन एवं डब्ल्यूआइसी की ओेर से श्री गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गुग्गी ने कहा कि हमारे गुरु,पीर-पैगंबरों की शिक्षाएं हमें जीवन जीने का सही रास्ता दिखाती है। इसलिए उन्हें के आदर्शो को अपनाकर हम जीवन सार्थक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है क्योंकि यहा पर हमारे गुरुओं और संतों का वास रहा है, इसीलिए हमें यहां सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। डब्ल्यूआइसी की अध्यक्ष नाजिया इजुद्दीन ने कहा कि बदलते दौर में आज भी हम सिख समाज में जो भाईचारा और एकता की भावना देखते हैं यह श्रीगुरु नानक देव की ही शिक्षा है। उनकी शिक्षा का ही नतीजा है आज सिख समाज ने पूरे विश्व में अपनी एक पहचान बनाई है। पंजाबी यूनिवर्सिटी के वाइस चासलर डॉ. जसपाल सिंह ने कहा कि कई सौ साल पहले श्रीगुरुनानक देव ने जो संदेश दिया, उसको गुरु ग्रंथ साहिब के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उनकी शिक्षाएं समाज निर्माण में मददगार साबित हो रही हैं। इस अवसर पर डॉ. एस आर वर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में इससे पूर्व सबद-गायन भी हुआ, जिसमें रंजोत सिंह एवं लवजोत सिंह ने आगंतुकों को निहाल किया। कार्यक्रम में सिख फेडरेशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह नॉटी,डब्ल्यूआइसी की प्रोग्राम हेड मनीषा डोगरा, गुरिंदर जीत सिंह, समाजसेवी डीएस मान, डॉ. एस फारूख, हरपाल सिंह सेठी, गुलजार सिंह, सेवा सिंह मठारू आदि मौजूद थे।