विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकन एक्सप्रेस लीडरशिप अकादमी एशिया-प्रशांत 2026, उत्तराखंड के श्रेय का चयन... पत्नी संग लिखी इबारत

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:21 AM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2026 11:24 AM (IST)

विकासनगर निवासी श्रेय रावत का चयन अमेरिकन एक्सप्रेस लीडरशिप अकादमी एशिया-प्रशांत 2026 के लिए हुआ है, जहां वे 16 देशों के 80 नेताओं में शामिल हैं।

श्रेय रावत।

श्रेय रावत।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, विकासनगर। विकासनगर निवासी और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय श्रेय रावत का चयन अमेरिकन एक्सप्रेस लीडरशिप अकादमी एशिया-प्रशांत 2026 के लिए हुआ है।

गैर-लाभकारी संस्था सुराह के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रावत एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 16 देशों और क्षेत्रों से चुने गए 80 गैर-लाभकारी संगठनों के नेताओं में शामिल हैं। भारत से इस कार्यक्रम के लिए केवल 13 प्रतिभागियों का चयन किया गया है।

अमेरिकन एक्सप्रेस फाउंडेशन के वित्तपोषण और अंतरराष्ट्रीय संस्था कॉमन पर्पज के संचालन में यह छह माह का नेतृत्व विकास कार्यक्रम अक्टूबर 2026 से अप्रैल 2027 तक चल रहा है।

इसके तहत 10 से 13 नवंबर तक जापान की राजधानी टोक्यो में चार दिवसीय विशेष सत्र आयोजित हुआ। इसमें सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों और वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व विकास, नवाचार, वैश्विक सहयोग, साझेदारी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर चर्चा की।

पत्नी ज्योति रावत के साथ बनाई सुराह संस्था

प्रतिभागियों को व्यक्तिगत नेतृत्व मूल्यांकन और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन का अवसर भी मिला। श्रेय रावत ने 2023 में अपनी पत्नी ज्योति रावत के साथ सुराह संस्था की स्थापना की थी। संस्था का नाम उनके दादा स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह रावत के नाम पर रखा गया है, जिन्हें क्षेत्र में सुराह के नाम से जाना जाता था।

संस्था ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने तथा संसाधनों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों को आधुनिक और प्रयोगात्मक शिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए काम करती है। वर्तमान में सुराह देहरादून के कटापत्थर स्थित महाराज कुमार जगत शमशेर मेमोरियल स्कूल और टिहरी गढ़वाल के गूलर डोगी स्थित बिशंबर दत्त मेमोरियल स्कूल में कार्यरत है। दोनों विद्यालयों में कुल 286 बच्चे पढ़ते हैं।

संस्था की शिक्षा पद्धति बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता, संवेदनशीलता और व्यावहारिक कौशल के विकास पर केंद्रित है। स्थानीय संस्कृति और प्रकृति से जोड़कर भी उन्हें शिक्षा दी जाती है। संस्था के पहले विद्यालय में वर्ष 2025-26 के दौरान बच्चों की पठन-बोध दक्षता 48 प्रतिशत से बढ़कर 64 प्रतिशत हो गई। सुराह की स्थापना से पहले भी रावत एक दशक से अधिक समय तक शिक्षा सुधार के क्षेत्र में सक्रिय रहे।

उन्होंने टीच फॉर इंडिया फेलो के रूप में काम शुरू किया और बाद में 350 सरकारी विद्यालयों से जुड़ी जिला स्तरीय टीम तथा बुनियादी साक्षरता कार्यक्रम का नेतृत्व किया। वह सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन के साथ भी काम कर चुके हैं। रावत का चयन विकासनगर और पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की उपलब्धि है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।