Move to Jagran APP

दून के महापौर टिकट को कांग्रेस में सात दावेदारों ने ठोकी ताल

राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में महापौर पद को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आमराय बनने की संभावना टटोली। इसके लिए अभी तक सात दावेदारों ने ताल ठीकी है।

By BhanuEdited By: Published: Tue, 16 Oct 2018 09:31 AM (IST)Updated: Tue, 16 Oct 2018 09:31 AM (IST)
दून के महापौर टिकट को कांग्रेस में सात दावेदारों ने ठोकी ताल
दून के महापौर टिकट को कांग्रेस में सात दावेदारों ने ठोकी ताल

देहरादून, [जेएनएन]: राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में महापौर पद को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने लगातार दूसरे दिन भी प्रमुख दावेदारों के नामों पर चर्चा की। साथ ही आमराय बनने की संभावना टटोली।

loksabha election banner

दूसरे दिन कांग्रेस के युवा नेता एवं डीएवी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष रह चुके संग्राम सिंह पुंडीर और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष नीनू सहगल ने महापौर पद के लिए दावेदारी पेश की। जिससे अब महापौर के दावेदारों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। 

वार्डों से पार्षद के 45 नए दावेदारों ने भी आवेदन किया है। शहर के 100 वार्डों से पार्षद पद के लिए आवेदन करने वालों की संख्या 480 पार कर गई है। 

उधर, प्रदेशध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, राजेंद्र शाह, विधायकों सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ महापौर पद पर टिकट के लिए मिले नामों पर चर्चा की। बैठक के दौरान महापौर के अधिकतर दावेदार भी मौजूद थे। 

बता दें कि महापौर के अन्य दावेदारों में पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा और पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान शामिल हैं। बैठक के दौरान सभी नामों पर चर्चा हुई और दावेदारों की राय भी ली गई। 

बता दें, महापौर के दावेदारों ने जोड़-तोड़ शुरू कर दी है। एक सप्ताह के भीतर कांग्रेस महापौर पद के उम्मीदवारों और वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष किशोर उपाध्याय की निकाय चुनावों में सक्रियता से महापौर पद को लेकर कांगे्रस को काफी माथापच्ची करनी पड़ सकती है। वहीं, पार्षद के दावेदारों में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और अनुसूचित जाति-जनजाति संगठन से भी दावेदार मैदान में हैं। 

गढ़वाल मंडल के प्रत्याशियों पर मंथन

निकाय चुनावों के लिए आरक्षण तय होने के बाद कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के चयन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। गढ़वाल मंडल के सात जिलों में निकायों के अध्यक्ष और महापौर पदों के लिए प्रत्याशियों की सूची को लेकर जिलेवार विधायकों, पूर्व मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया। 

यह तय किया गया कि आरक्षण की स्थिति के मुताबिक पहले से तैयार पैनल में नए नामों को शामिल करने पर विचार होगा। वहीं कुमाऊं मंडल में जिलेवार प्रत्याशियों के चयन को अंतिम रूप देने को हल्द्वानी में बैठक होगी। 

नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस सधे अंदाज में आगे कदम बढ़ा रही है। विधानसभा चुनाव के बाद होने वाले इस अहम चुनाव में पार्टी पर दमदार प्रदर्शन का दबाव है। इसे देखते हुए पार्टी एकजुटता के साथ इस चुनौती का मुकाबला करने की बिसात बिछा रही है। 

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल व शूरवीर सिंह सजवाण की मौजूदगी में जिलेवार बैठकें हुई।

इस मौके पर जिलेवार आरक्षण की स्थिति तय होने से पहले अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग व महिला वर्ग के लिए तैयार सूचियों में से अब तय आरक्षण के मुताबिक सूचियों को अंतिम रूप दिया गया। आरक्षणवार सूचियों में नए नामों को भी शामिल करने पर विचार किया गया। 

जिलेवार बैठकों में देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी जिलों के विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों के साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ भी मशविरा किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के मुताबिक जिलेवार संभावित प्रत्याशियों पर विचार किया गया है। अंतिम सूची पर जल्द निर्णय किया जाएगा। 

बैठक में विधायक फुरकान अहमद, ममता राकेश, राजकुमार, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पूर्व विधायक विक्रम नेगी, डॉ संजय पालीवाल, धर्मपाल सिंह, सूर्यकांत धस्माना, गिरीश पुनेड़ा, लालचंद शर्मा, राजेंद्र शाह, पृथ्वीराज सिंह चौहान, लक्ष्मी राणा, राजपाल बिष्ट, शैलेंद्र रावत, गोदावरी थापली, नवल किशोर, जोत सिंह गुनसोला, मनमोहन मल्ल, प्रभुलाल बहुगुणा समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: विभिन्न दलों से असंतुष्टों ने बनाया उत्तराखंड जनता मोर्चा

यह भी पढ़ें: भाजपा ने मंत्रियों को सौंपी नगर निगमों की जिम्मेदारी

यह भी पढ़ें: टिकट के दावेदारों के लिए आवेदन को कांग्रेस में अंतिम मौका


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.