विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sawan 2023 का पहला सोमवार आज, शिवमय हुई द्रोणनगरी देहरादून; भोर से लाइन में लगे भोले के भक्‍त

By Sumit kumarEdited By: Nirmala Bohra
Published: Mon, 10 Jul 2023 07:34 AM (IST)Updated: Mon, 10 Jul 2023 10:16 AM (IST)

Sawan 2023 शिव का प्रिय सावन मास का पहला सोमवार मैदानी क्षेत्रों में आज है। श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने के ...और पढ़ें

Sawan 2023: नेहरू कॉलोनी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु
Sawan 2023: नेहरू कॉलोनी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु

HighLights

  1. - श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने को पुलिस प्रशासन के साथ तैनात सेवादार
  2. - ऐतिहासिक मंदिर टपकेश्वर में सुबह साढ़े चार बजे शिवभक्तों के लिए खुले कपाट

जागरण संवाददाता, देहरादून: Sawan 2023: शिव का प्रिय सावन मास का पहला सोमवार मैदानी क्षेत्रों में आज है। शिव भक्तों में उत्साह व कांवड़ यात्रियों का जलाभिषेक को लेकर शिवालय पूरी तरह तैयार हैं। भोर से ही देहरादून सहित उत्‍तराखंड के मंदिरों में भोले के भक्‍तों की लाइन लगी रही। वहीं देहरादून के टपकेश्‍वर मंदिर के दरवाजे तड़के साढ़े चार बजे से भक्‍तों के लिए खोल दिए गए। देवभूमि में बम-बम भोले के जयकारों के साथ भक्‍त भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। 

हरिद्वार के शिवालयों में जलाभिषेक को भीड़

श्रावण मास के पहले सोमवार को हरिद्वार के शिवालयों में जलाभिषेक को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। आशुतोष की ससुराल कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में शिव भक्तों की भीड़ जुटी है। भगवान भोले शंकर को जलाभिषेक करने को श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते देखे जा रहे हैं।

भीड़ नियंत्रित करने को मंदिर समितियों के अलावा पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दक्षेश्वर महादेव मंदिर के अलावा बिल्केश्वर महादेव, नीलेश्वर महादेव, दरिद्र भंजन समेत तमाम शिवालयों में जलाभिषेक को श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी है।

पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर के सेवादार भी तैनात

श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने के लिए देहरादून में पुलिस प्रशासन के साथ ही मंदिर के सेवादार भी तैनात रहे। पूर्व संध्या पर जहां शिवालयों को रंग विरंगी लाइट व फूलों से सजाया गया वहीं शिवलिंग को रुद्राभिषेक कर श्रृंगार किया गया। अधिमास के चलते इस बार सावन दो महीने तक चलेगा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में 16 जुलाई से सावन शुरू होगा।

मंदिरों में पूरी तैयारी

बीते तीन जुलाई से मैदानी क्षेत्रों में सावन मास शुरू हो चुका है। वहीं सावन के पहले सोमवार पर ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर, जंगम शिवालय पलटन बाजार, कमलेश्वर महावेद मंदिर जीमएएस रोड, प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर गढ़ी कैंट, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहारनपुर चौक, अभयमठ शक्तिपीठ लक्ष्मण चौक समेत शहरभर के शिवालयों में रविवार देर शाम को तैयारी पूरी हो गई।

टपकेश्वर महादेव मंदिर के श्री 108 महंत कृष्णागिरी महाराज ने बताया कि इस बार कावंड़ के चलते श्रद्धालु काफी संख्या में जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। किसी को भी दर्शन से लेकर जलाभिषेक में परेशानी ना हो इसके लिए सभी व्यवस्था कर दी हैं। सुबह चार बजे भगवान का चंदन, दूध, गंगाजल, पुष्प अभिषेक के बाद साढ़े चार बजे कपाट भक्तों के लिए खोल दिया गया।

विश्व कल्याण के लिए रुद्राभिषेक

सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में सावन मास का शिव महोत्सव सोमवार को सामूहिक रुद्राभिषेक के साथ होगा। मंदिर के दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि प्रथम सामूहिक रुद्राभिषेक विश्व कल्याण के लिए किया जाएगा।

हरिद्वार से लाए गंगाजल से श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। श्रृंगार संयोजक परवीन बंसल व रजनीश यादव ने बताया कि श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के गर्भ गृह में विराजमान श्री पृथ्वीनाथ का पुष्प व विशेष श्रृंगार होगा। इसके लिए दिल्ली से पुष्प मंगाए गए हैं। खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।