विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाघ से ज्यादा 'चटोरा' है तेंदुआ, दोनों के आहार में सामने आया बड़ा अंतर; WII की रिसर्च में हुआ खुलासा

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:46 AM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2026 08:47 AM (IST)

महाराष्ट्र के सह्याद्रि टाइगर रिजर्व में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि बाघों की तुलना में तेंदुओं का आहार अधिक विविध होता है।

तेंदुआ और बाघ

तेंदुआ और बाघ

HighLights

  1. सह्याद्रि टाइगर रिजर्व में बाघ-तेंदुए के आहार पर अध्ययन।

  2. तेंदुए का आहार बाघ की तुलना में अधिक विविध पाया गया।

  3. शिकार आधार मजबूत करने हेतु चीतल और सांभर छोड़े गए।

सुमन सेमवाल, देहरादून। महाराष्ट्र के सह्याद्रि टाइगर रिजर्व में बाघ और तेंदुए के आहार की विविधता में बड़ा अंतर सामने आया है। भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के ताजा अध्ययन में बाघों का आहार अपेक्षाकृत कम प्रजातियों पर केंद्रित मिला, जबकि तेंदुए का आहार अधिक व्यापक रहा।

शोध में बाघ, तेंदुए और ढोल (शिकारी कुत्ते) के 107 मल नमूनों का विश्लेषण किया गया, जिनसे कुल 14 शिकार प्रजातियों की पहचान हुई। बाघों में आहार विविधता सबसे कम, जबकि तेंदुए और ढोल में अधिक पाई गई।

शोध के अनुसार टाइगर रिजर्व में बड़े मांसाहारी वन्यजीवों के मल नमूनों की जांच से जिन 14 शिकार प्रजातियों की पहचान की गई है, उनमें कुछ शिकार प्रजाति बाघ और तेंदुए में समान हैं। लेकिन, तेंदुआ की आहार श्रृंखला स्पष्ट रूप से कहीं आगे नजर आती है।

बाघ मुख्य रूप से गौर, सांभर, काकड़, जंगली सुअर, माउस डियर और चौसिंगा हिरन के शिकार पर निर्भर मिले। वहीं, तेंदुए की आहार श्रृंखला में सांभर, चीतल, जंगली सुअर और काकड़ जैसे माध्यम आकार के खुर वाले वन्यजीवों के साथ ही जंगली मुर्गा, मेंढक, प्राइमेट, कृन्तक और सरीसृप प्रजातियां भी शामिल हैं।

पर्याप्त शिकार के लिए छोड़े गए सांभर और चीतल

टाइगर रिजर्व में जंगली सुअर का औसत आबादी घनत्व 7.16-18.40, गौर का 7.06-9.11, सांभर का 2.65-4.55 और काकड़ का 1.98-3.73 प्रति वर्ग किलोमीटर रहा। शिकार आधार और मजबूत करने के लिए वर्ष 2025-26 में 121 चीतल और 16 सांभर सह्याद्रि में छोड़े गए।

ताकि शिकार के दायरे को बढ़ाया जा सके। मुख्य रूप से बाघों के प्रजनन के लिए सह्याद्रि-काली टाइगर रिजर्व के बीच के करीब 200 किमी गलियारे को अहम माना गया है। ऐसे में चिह्नित क्षेत्र में आहार श्रृंखला को मजबूत करने की संस्तुति की गई है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 675 से बढ़कर 775 होंगी सरकारी MBBS की सीटें, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 100 सीटें बढ़ने की उम्मीद