विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में 675 से बढ़कर 775 होंगी सरकारी MBBS की सीटें, रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 100 सीटें बढ़ने की उम्मीद

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:35 AM (IST)

रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की अनुमति मिलने की उम्मीद है, जिससे उत्तराखंड में सरकारी एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को 100 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिलने की उम्मीद।

  2. उत्तराखंड में सरकारी एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 775 होगी।

  3. कॉलेज ने बुनियादी ढांचे और फैकल्टी की कमियां दूर कर अपील की।

जागरण संवाददाता, देहरादून। एमबीबीएस में दाखिले के इच्छुक छात्रों के लिए अगले कुछ दिन अहम हैं। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की अनुमति मिल सकती है।

कॉलेज की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष की गई दूसरी अपील पर सकारात्मक संकेत मिलने के बाद अब एलओपी (लेटर ऑफ परमिशन) का इंतजार है। अगले कुछ दिनों में अनुमति मिलने की उम्मीद है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से उत्तराखंड में सरकारी एमबीबीएस सीटों का आंकड़ा सीधे 100 सीट बढ़ जाएगा।

अभी प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 675 सीटें हैं। एलओपी मिली तो यह संख्या 775 हो जाएगी। यानी 100 और छात्रों के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर बनने का रास्ता खुलेगा। इन सीटों में 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे के तहत भरी जाएंगी।

पहले दो स्तर पर नहीं मिली थी मंजूरी

कॉलेज ने 2026-27 सत्र में 100 सीटों के साथ एमबीबीएस शुरू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) में आवेदन किया था। मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने आवेदन खारिज कर दिया। बोर्ड ने 100 सीटों के अनुरूप बुनियादी ढांचा और सुविधाएं पर्याप्त नहीं होने को आधार बनाया था। कॉलेज ने इसके खिलाफ एनएमसी में पहली अपील की, लेकिन वहां भी एमएआरबी का फैसला बरकरार रहा। इसके बाद केंद्र सरकार के समक्ष दूसरी अपील दाखिल की गई।

खामियां दूर, अब फैसले का इंतजार

दूसरी अपील के बाद कालेज में व्यवस्थाएं सुधारने पर जोर दिया गया। फैकल्टी समेत उन कमियों को दूर किया गया, जिन्हें पहले निरीक्षण में उठाया गया था। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि कॉलेज में जरूरी कमियां दूर कर ली गई हैं।

केंद्र सरकार का रुख सकारात्मक है। उम्मीद है कि मान्यता इसी सत्र मिल जाएगी। अगर मंजूरी मिली तो पिथौरागढ़ के बाद रुद्रपुर उत्तराखंड का एक और नया सरकारी मेडिकल कालेज होगा, जहां इस सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- रुड़की में आज से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली, उत्तराखंड और यूपी के युवाओं को मिलेगा मौका