विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वच्छता सर्वेक्षण: उत्तराखंड के काशीपुर नगर निगम को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का मिला खिताब

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:44 PM (IST)

स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर नगर निगम ने हिमालयी शहरों में पहला स्थान प्राप्त कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

काशीपुर नगर निगम को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का खिताब मिला, जो प्रदेश की स्वच्छता प्रयासों की सफलता दर्शाता है।

 काशीपुर नगर निगम को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का खिताब मिला, जो प्रदेश की स्वच्छता प्रयासों की सफलता दर्शाता है।

HighLights

  1. रुद्रपुर हिमालयी शहरों में स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल रहा।

  2. काशीपुर को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' का खिताब मिला।

  3. यह उपलब्धि उत्तराखंड के स्वच्छता प्रयासों की सफलता दर्शाती है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत देश भर के हिमालयी शहरों के मध्य हुई स्वच्छता प्रतिस्पर्धा में रुद्रपुर नगर निगम ने पहला स्थान प्राप्त कर राज्य का मान बढ़ा दिया है। हिमालय की गोद में बसे शहरों की स्वच्छता को पहचान देने के लिए बनाई गई स्वच्छ हिमालयन सिटी श्रेणी में उत्तराखंड ने पहली ही परीक्षा में अपना लोहा मनवाया।

रुद्रपुर नगर निगम ने स्वच्छता में सभी हिमालयी शहरों को पीछे छोड़ दिया। जम्मू दूसरे और जम्मू-कश्मीर का शोपियां तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी श्रेणी में उत्तराखंड से काशीपुर नगर निगम ने बाजी मारकर प्रदेश की उपलब्धि में एक और सितारा जोड़ दिया।

आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से जारी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणाम उत्तराखंड के लिए उत्साह बढ़ाने वाले हैं। खास यह है कि हिमालयन शहरों की श्रेणी में पहली बार प्रतिस्पर्धा हुई और उत्तराखंड ने सीधे शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया।

धामी सरकार के प्रयासों से मिली पहचान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से स्वच्छता को शहरी विकास के प्रमुख एजेंडे में शामिल करने, नगर निकायों को प्रोत्साहित करने और स्वच्छता प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस उपलब्धि से राष्ट्रीय पहचान मिली है। रुद्रपुर का हिमालयी शहरों में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करना और काशीपुर का स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी चुना जाना बताता है कि प्रदेश के शहरी निकायों में स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा और सुधार की कोशिशें रंग ला रही हैं।

पिछले साल लालकुआं, इस बार काशीपुर

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्तराखंड के 107 निकायों में से 27 की राष्ट्रीय रैंकिंग सुधरी थी। लालकुआं को सबसे उभरते स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला था। राज्य की रैंकिंग में लालकुआं पहले, रुद्रपुर दूसरे और मसूरी तीसरे स्थान पर था। इस बार काशीपुर ने स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी का खिताब हासिल कर प्रदेश की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है।

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा ‘स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर और काशीपुर की उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। डबल इंजन की सरकार स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण के लिए नगर निकायों को संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।’
 
----------------------------

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।