दून और दिल्ली बस सेवा लड़खड़ाई
जागरण संवाददाता ऋषिकेश सप्ताहांत सहित चार दिन के लगातार अवकाश के बाद दिल्ली और देहर
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश:
सप्ताहांत सहित चार दिन के लगातार अवकाश के बाद दिल्ली और देहरादून वापसी के लिए रविवार के रोज रोडवेज बस स्टेशन में लोग उमड़ पड़े। इससे दिल्ली और दून मार्ग पर बसों का टोटा हो गया। परिवहन निगम ने बस सेवाओं में आंशिक वृद्धि की। इससे भी जब काम नहीं बना तो निजी कंपनियों की बस और मैक्सी वाहनों को यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया गया।
रामनवमी और दशहरा के साथ शनिवार और रविवार के अवकाश होने पर बड़ी संख्या में दिल्ली व अन्य मैदानी क्षेत्र से पर्यटक यहां पहुंच गए थे। गढ़वाल मंडल के नौकरी पेशा लोग जो अन्य शहरों में काम करते हैं, वह भी घरों में छुट्टी बिताने को पहुंचे थे। अवकाश खत्म होने पर सभी लौटने लगे। वहीं सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी है। इसके चलते चार धाम यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। ऐसे में कई यात्रियों ने लौटना शुरू कर दिया। इसके चलते रोडवेज बस स्टेशन पर लोग की भीड़ जमा हो गई। इनमें अधिकांश यात्री देहरादून या फिर दिल्ली जाने वाले थे।
परिवहन निगम के डीजीएम पीके भारती ने बताया कि ऋषिकेश से दिल्ली के लिए 17 नियमित सेवा उपलब्ध है। तीन सेवा बढ़ाकर दोपहर दो बजे तक 20 सेवा यहां से रवाना की जा चुकी थी। तीन वाल्वो, तीन एसी जन्नत सेवा दिल्ली के लिए अलग से उपलब्ध थी। रात्रिकालीन सेवा दो वोल्वो, दो साधारण, एक जन्नत सेवा यात्रियों के लिए उपलब्ध थी। देहरादून के लिए ऋषिकेश डिपो से पांच नियमित बस सेवा उपलब्ध है प्रत्येक बस देहरादून के दो फेरे लगाती है। कांट्रेक्ट की पांच बस सेवा उपलब्ध है। यह बस भी चार फेरे लगाती है। इन सभी से यात्रियों को भेजा गया।
रविवार को बस टर्मिनल कंपाउंड में यात्रियों का दबाव अत्यधिक बढ़ गया था। रोडवेज की 12 अतिरिक्त सेवाओं के साथ 17 मैक्सी और दो विश्वनाथ सेवा यहां से देहरादून, दिल्ली और हरिद्वार के लिए भेजी गई। देहरादून रूट पर वाहनों को ज्यादा फेरे लगाने के लिए कहा गया।
- पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ, प्रवर्तन ऋषिकेश
त्रिवेणी घाट पर उमड़ी भीड़
यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को जब ऋषिकेश में रोक दिया गया तो अधिकांश ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में घूमने के लिए निकल गए। त्रिवेणी घाट पर बाहर से आने वाले यात्रियों की भीड़ गंगा दर्शन के लिए पहुंचने लगी। संध्याकालीन में गंगा आरती में अन्य दिनों की अपेक्षा रविवार को ज्यादा भीड़ नजर आई।