पछवादून में बिना हेलमेट दौड़ा रहे दोपहिया
देहरादून शहर में भले ही दुपहिया वाहन चालकों के लिए डबल हेलमेट
संवाद सहयोगी, विकासनगर: देहरादून शहर में भले ही दुपहिया वाहन चालकों के लिए डबल हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया हो, लेकिन पछवादून में दुपहिया वाहन चालकों के सिर पर हेलमेट नहीं दिखता। विकासनगर से सेलाकुई तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौड़ रहे दुपिहया वाहन चालक बिना हेलमेट के खतरेभरा सफर कर रहे हैं। यहां बिना हेलमेट के दुपहिया वाहनों पर धड़ल्ले से तीन सवारियां चल रही हैं। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। ये आलम तब है जबकि क्षेत्र में दुपहिया वाहन दुर्घटना में कई लोग जान गंवा चुके हैं।
अगस्त माह की शुरुआत से देहरादून शहर में दुपहिया वाहन सवारों के लिए डबल हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया था। नियम का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कई वाहन चालकों के चालान भी काटे। लेकिन, इस नियम को लागू कराने के लिए पछवादून में कोई भी जिम्मेदार संवेदनशील नजर नहीं आ रहा है और न ही दुपहिया वाहन चालक इस नियम का पालन कर रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से हेलमेट अनिवार्य होने के बावजूद विकासनगर से लेकर सेलाकुई तक राष्ट्रीय राजमार्ग व संपर्क मार्गों पर बिना हेलमेट के तीन सवारियां लेकर दुपहिया वाहन दौड़ रहे हैं। यातायात की दृष्टि से व्यस्ततम बाजारों में दौड़ रहे इन दुपहिया वाहनों को कई बार नाबालिग भी दौड़ा रहे हैं। ये आलम तब है जबकि पछवादून में दुपहिया वाहन दुर्घटना में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उधर, शहर कोतवाल एसएस नेगी ने कहा कि दुपहिया वाहन सवारों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने को कार्रवाई करने के साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।