जागरण संवाददाता, देहरादून: क्रिकेटर ऋषभ पंत के कुछ दिन पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद उनकी मदद करने वाले हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार, कंडक्टर परमजीत और दो अन्य युवकों नीशू और रजत को आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने सम्मानित किया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चालक सुशील कुमार और परिचालक परमजीत को सम्मानित किया। बता दें यह सम्मान सुशील कुमार की पत्नी एवं परमजीत के पिता ने ग्रहण किया।\
सीएम धामी ने देवदूतों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर दोनों, चालक एवं परिचालक को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न (ब्रह्म कमल की अनुकृति) प्रदान की गई। क्रिकेटर रिषभ पंत की सड़क हादसे के बाद सहायता करने वाले दो अन्य युवकों नीशू एवं रजत को भी सम्मानित किया गया। आपको बता दें पंत की जान बचाने में हरियाणा रोडवेज के बस चालक सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत ने अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही रजत कुमार और नीशु कुमार ने पंत का सारा सामान और कैश जलती कार से निकाला था। इन चारों लोगों को उत्तराखंड के सीएम ने सम्मानित किया है।
30 दिसंबर को हुई थी दुर्घटना
दरअसल, 30 दिसंबर को दिल्ली से रुड़की ढंढेरा अशोकनगर में अपने घर लौटते समय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार नारसन में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर डिवाइडर से टकरकर हाईवे के दूसरी तरफ पलटी लेते हुए करीब 200 मीटर तक जा पहुंची थी। दुर्घटना के साथ ही कार में भयंकर आग लग गई थी। हादसे के बाद पुरकाजी निवासी रजत और नीशू ने ही घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत की सबसे पहले मदद की थी। हादसे के बाद पंत का पहले देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में इलाज हुआ था। फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था। इसी महीने कोकिलाबेन हॉस्पिटल में पंत की सर्जरी भी हुई थी।