32 गोसदनों को सवा करोड़ रुपये अनुदान
उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री रेखा आर्य ने गोसदनों को अनुदान दिया।
जागरण संवाददाता, देहरादून :
उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पशुपालन एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि गोमाता की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। प्रदेश सरकार गो सेवकों के सम्मान में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने प्रदेशभर के 22 गोसदनों को 124.8 लाख की आर्थिक सहायता अनुदान के रूप में देने की घोषणा की। जिसकी प्रथम किश्त के रूप में 62.43 लाख रुपये के चेक मौके पर ही वितरित किए।
गुरुवार को किसान भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रेखा आर्य ने कहा कि हमारे धर्मशास्त्रों में गोमाता को देवी का दर्जा दिया है। गोमाता सदैव मां की भांति मनुष्य के जीवन की रक्षा करती हैं। हमें भी गाय के साथ मां समान व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने गाय की सेवा कर रहे 22 गोसदनों को अनुदान के रूप में चेक वितरित किए। इनमें 13 पर्वतीय व नौ मैदानी क्षेत्रों के गोसदन शामिल रहे। रेखा आर्य ने कहा कि पहली किश्त में 62.43 करोड़ की आर्थिक राशि दी जा रही है, शेष राशि दूसरी किश्त में दी जाएगी। इनके अलावा मैदानी क्षेत्र के चार व पर्वतीय क्षेत्र के छह गोसदनों को 72 लाख रुपये के चेक भी वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, पशु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. विनोद आर्य, निदेशक पशु पालन डॉ. केके जोशी समेत कई अन्य उपस्थित रहे। संचालन बोर्ड के सदस्य आशुतोष जोशी ने किया। इन सदनों को मिला अनुदान
राधेकृष्ण गो सेवा सदन (बाजपुर), कृष्णायन देशी गोरक्षा (गैंडीखाता), नित्यानंद पाद आश्रम (हल्दूचौड़), गोशाला सभा रुड़की, गो संवर्धन समिति (टिहरी), गोलोक धाम रुद्रपुर, गुरु कृपा गो-सुरक्षा समिति (अल्मोड़ा), हनुमान गो-सेवा ट्रस्ट (चिन्यालीसौड़), हरिओम आश्रम (देहरादून), भारतीय ग्राम्य विकास न्यास (झींवरहेड़ी), कत्यूर गोसेवा समिति (बागेश्वर), ग्राम्य समाज कल्याण समिति (अल्मोड़ा), गोवर्धन गो तीर्थ आश्रम (श्रीनगर), पर्वतीय गो-रक्षा सेवा समिति (पौड़ी), मां कामधेनु वात्सल्य सेवा धाम ट्रस्ट (चंपावत), कृष्ण गोसेवा समिति (चमोली), महासू गोसेवा सहयोग समिति (जौनसार बाबर), जन विकास समिति (नैनीताल), गोपीनाथ गोशाला समिति (हरिद्वार), कृष्णप्रणामी महाराज अग्रसेन गोशाला (सितारगंज) हरिओम आश्रम का भी सम्मान
राज्यमंत्री रेखा आर्य की ओर से देहरादून के हरिओम आश्रम (कड़वापानी) को भी गो-पालन के लिए सम्मानित किया गया। बता दें कि बीते महीनों बाल आयोग ने हरिओम आश्रम से बच्चे गायब होने की आशंका जताई थी। इसमें आयोग के निर्देश पर पुलिस की जांच भी चल रही है।