कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या विवाद: एसआइटी ने बयान दर्ज कर जुटाए अहम दस्तावेज
एसआइटी ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के विवाद की जांच तेज कर दी है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद की जांच में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने कैबिनेट मंत्री के बयान दर्ज करने के साथ ही उनसे संबंधित दस्तावेज भी जुटाए हैं।
वहीं, मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के लिए बरेली गई पुलिस टीम भी पूछताछ और दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र करने के बाद वापस लौट आई है। पुलिस के हाथ लगे साक्ष्यों की अब जांच की जा रही है। इसके साथ ही मामले से जुड़ी एक आडियो रिकार्डिंग को भी जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा गया है।
पुलिस की जांच अब बयानों, दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है। एसआइटी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है और उपलब्ध साक्ष्य किस दिशा में संकेत कर रहे हैं। हालांकि, जांच पूरी होने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बयानों और दस्तावेजों की पड़ताल
मामले में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया है। एसआइटी ने मंत्री के बयान दर्ज कर प्रकरण से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए हैं। जांच में इन दस्तावेजों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
टीम बयानों और दस्तावेजों का मिलान कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इसके साथ ही गिरधारी लाल साहू की ओर से कंपनी के जो कथित फर्जी दस्तावेज बनाए गए हैं, उनकी भी पुलिस जांच करवा रही है।
बरेली गई टीम ने जुटाए साक्ष्य
प्रकरण के कुछ महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच के लिए पुलिस टीम बरेली भेजी गई थी। घटनाक्रम से जुड़े स्थान और वहां उपलब्ध जानकारी के आधार पर टीम ने पूछताछ की और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद टीम देहरादून लौट आई है।
बताया जा रहा है कि वहां टीम ने गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध पूर्व में दर्ज मुकदमों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से गिरधारी लाल व अज्ञात महिला के बारे में पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पूछताछ में काफी जानकारियां पुलिस के साथ लगी हैं।
फारेंसिक जांच से स्पष्ट होंगे तथ्य
मामले में सामने आई आडियो रिकार्डिंग को भी पुलिस ने जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा है। इसकी जांच से रिकार्डिंग की प्रामाणिकता और उससे जुड़े तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
हालांकि कैबिनेट मंत्री स्पष्ट कर चुकी है कि इंटरनेट मीडिया पर जो आडियो प्रसारित हुई है उसमें आवास उनके पति गिरधारी लाल साहू व उनकी महिला मित्र की है।
यह भी पढ़ें- गिरधारी लाल साहू की अग्रिम जमानत याचिका खारिज, पत्नी रेखा आर्या की ओर से दर्ज एससी-एसटी एक्ट मामले में बढ़ी मुश्किलें
यह भी पढ़ें- रेखा आर्या की 210 करोड़ की कथित संपत्ति पर जांच की मांग, सतर्कता अधिष्ठान पहुंची शिकायत
