विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े केस में गिरधारी लाल साहू और सतेंद्र राठौर की जमानत याचिका खारिज

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:25 AM (IST)

कूटरचित दस्तावेजों से कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के मामले में मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और सतेंद्र राठौर की जमानत याचिका देहरादून न्यायालय ने खारिज कर दी। 

गिरधारी साहू और रेखा आर्या की फाइल फोटो। स्रोत- इंटरनेट

गिरधारी साहू और रेखा आर्या की फाइल फोटो। स्रोत- इंटरनेट

HighLights

  1. गिरधारी लाल साहू, सतेंद्र राठौर की जमानत याचिका न्यायालय ने खारिज की।

  2. रेखा आर्या को कूटरचित दस्तावेजों से निदेशक पद से हटाया गया था।

  3. अभियोजन ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताई, जमानत खारिज।

जागरण संवाददाता, देहरादून। कूटरचित दस्तावेजों से रेखा आर्या को चार कंपनियों में निदेशक पद से हटाने के मामले में मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू और उसके भतीजे सतेंद्र राठौर की जमानत याचिका बुधवार को न्यायालय ने खारिज कर दी। सुनवाई के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भी वीडियो कान्फ्रेंस से जुड़ीं। इस दौरान करीब दो घंटे तक सुनवाई चली।

बुधवार को पंचम अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश एससी एसटी एक्ट अंजलि बेंजवाल की अदालत ने जमानत याचिका खारिज की। इस मामले में कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू और सतेंद्र राठौर पर रेखा आर्या को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों की जमानत के लिए न्यायालय में पत्र दिया गया था।

बुधवार को सुनवाई करते हुए अभियोजन ने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने की भी आशंका जताई। सुनवाई के दौरान सतेंद्र राठौर के अधिवक्ता ने कहा कि सतेंद्र राठौर की मामले में कोई भूमिका नहीं है। अभियोजन ने आपत्ति करते हुए कहा कि सतेंद्र राठौर का नाम बयानों के आधार पर शामिल किया गया है। इसके अलावा वह मुख्य आरोपित गिरधारी लाल के साथ सभी मामलों में शामिल है।

इस दौरान अभियोजन ने दस्तावेज और मोबाइल फोन की बरामदगी को भी जरूरी बताया। इसके बाद साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए न्यायालय ने दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।