विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ram Mandir: उत्तराखंड में घर-घर अयोध्या जैसा उल्लास, सज गई देवभूमि; प्रदेशभर में निकाली जाएंगी श्रीराम की शोभायात्राएं

By Jagran News Edited By: Aysha Sheikh
Published: Mon, 22 Jan 2024 07:48 AM (IST)

Ramlala prana pratishtha त्रेता युग में भगवान राम के अयोध्या लौटने पर दीपोत्सव मनाया गया था और इस बार रामलला ...और पढ़ें

Ram Mandir: उत्तराखंड में घर-घर अयोध्या जैसा उल्लास, प्रदेशभर में निकाली जाएंगी श्रीराम की शोभायात्राएं
Ram Mandir: उत्तराखंड में घर-घर अयोध्या जैसा उल्लास, प्रदेशभर में निकाली जाएंगी श्रीराम की शोभायात्राएं

जागरण संवाददाता, देहरादून। श्रीराम के अपने धाम में विराजने की खुशी में देवभूमि का कण-कण उल्लासित है। शहर और गांव रंग-विरंगी रोशनी से जगमग हैं। घर और मंदिर सज गए हैं। आज रामलला विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमित्त घाटी से लेकर पहाड़ की चोटी और शहर से लेकर सीमांत तक दीपोत्सव मनाया जाएगा।

प्रदेशभर में श्रीराम की शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, सुंदरकांड व रामचरित मानस पाठ होंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। साथ में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके उपरांत भक्तों को राम हलुवा का विशेष प्रसाद बांटा जाएगा।

राज्य में विभिन्न स्थानों पर एलईडी लगाकर अयोध्या में होने वाले समारोह का सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है। वहीं, चारों धाम के शीतकालीन गद्दीस्थलों चमोली जिले में योग-ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर व नृसिंह मंदिर जोशीमठ, रुद्रप्रयाग जिले में ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और उत्तरकाशी जिले में गंगा मंदिर मुखवा व यमुना मंदिर खरसाली में भी उत्सव मनाया जाएगा।

लोग दीपावली मनाने को उत्साहित

त्रेता युग में भगवान राम के अयोध्या लौटने पर दीपोत्सव मनाया गया था और इस बार रामलला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर लोग दीपावली मनाने को उत्साहित हैं। इसकी झलक देवभूमि के कण-कण में नजर आ रही है। राम भक्ति में डूबे लोगों ने कहीं वंदनवार सजाए हैं तो कहीं गलियों को भगवा झंडों से पाटने के साथ ही रंग-विरंगी रोशनी से सजाया गया है।

घर और मंदिरों का भी फूल माला व रंग-विरंगी रोशनी से शृंगार किया गया है। आज जब रामलला विधि-विधान से अपने आसन पर विराजेंगे तो घर और मंदिरों में दीपों की शृंखला प्रज्वलित की जाएगी। व्यापारिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठान भी दीयों की रोशनी से नहाएंगे। राजधानी देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर में 21 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी और ऋषिकेश में गंगा तट को दीयों से रोशन किया जाएगा। नैनीताल के नयनादेवी मंदिर और कैंची धाम में कलश यात्रा निकलेगी। जब अयोध्या में रामलला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा हो रही होगी, तभी पिथौरागढ़ के रामेश्वर मंदिर परिसर में राम मंदिर की स्थापना होगी। चंपावत जिले के शारदा घाट में गंगा आरती व दीपोत्सव का भव्य आयोजन होगा।

ये भी पढ़ें -

जब श्रीराम के जन्म पर राजा दशरथ के महल पहुंचे थे किन्नर... अब 22 जनवरी को गाएंगे प्रभु राम की बधाई, पर नहीं लेंगे नेग

Ayodhya Bus Route: सोच-समझकर करें सफर, कई बसों को अयोध्या जाने से रोका, दो दिन लखनऊ तक होगा संचालन