कार्मिकों की विशाल रैली ने थामी राजपुर रोड की रफ्तार Dehradun News
सामान्य और ओबीसी वर्ग के कार्मिकों ने गुरुवार को विशाल रैली निकाली तो आमतौर पर सरपट दौड़ने वाली दून की राजपुर रोड भी हांफती नजर आई।
By Edited By: Published: Thu, 20 Feb 2020 08:30 PM (IST)Updated: Fri, 21 Feb 2020 03:29 PM (IST)
देहरादून, जेएनएन। सामान्य और ओबीसी वर्ग के कार्मिकों ने गुरुवार को विशाल रैली निकाली, तो आमतौर पर सरपट दौड़ने वाली दून की राजपुर रोड भी हांफती नजर आई। यही नहीं, परेड मैदान के आसपास भी दोपहर के समय वाहन रेंगकर चलते दिखे।
गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करने और तत्काल पदोन्नति में लगी रोक हटाने की मांग कर रहे सामान्य और आबीसी वर्ग के कार्मिक प्रदेशभर से परेड मैदान में एकत्रित होने लगे। परेड मैदान में दर्जनों से सैकड़ों और फिर हजारों की संख्या में अधिकारी-कर्मचारी पहुंच गए। अन्य जिलों से तो बसों में भरकर कार्मिक परेड मैदान पहुंचे। भीड़ बढ़ने के साथ परेड मैदान के चारों ओर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। यहां बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस कर्मियों ने यातायात सुचारू बनाए रखने के तमाम प्रयास किए, लेकिन जाम के आगे उनकी एक न चली।
दोपहर साढ़े 12 बजे रैली सीएम आवास के लिए कूच की तो कनक चौक से एस्लेहॉल चौक के आसपास भी जाम लग गया। इसके बाद कार्मिकों की रैली राजपुर रोड पर आगे बढ़ी तो संपर्क मार्गो से लेकर पूरी राजपुर रोड पर वाहनों की रफ्तार थम गई। इसके बाद ग्लोब चौक, बहल चौक और दिलाराम चौक तक आवाजाही प्रभावित रही। यही नहीं डोभालवाला और नेशविला रोड की ओर से वाहन फंसे रहे।
रैली के हाथीबड़कला पहुंचने के बाद वाहन सवारों को यहां भी जाम से दो-चार होना पड़ा। हाथीबड़कला स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया। जिससे सालावाला व विजय कॉलोनी की ओर आवाजाही पूरी तरह ठप रही। वहीं, बेरिकेडिंग के आगे स्थित ग्रेस ऐकेडमी और केवि के छात्रों और शिक्षकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रैली के कारण लग रहे जाम की समस्या शाम करीब साढ़े चार बजे तक रही। कार्मिकों के लौटने के साथ ही यातायात भी सामान्य हो गया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें