उत्तराखंड में चल रही परियोजनाएं मार्च तक पूर्ण की जाएं: केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पांच करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन किया जाएगा।
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश निर्माण निगम को उत्तराखंड में चल रही पांच करोड़ से कम लागत की सभी 351 परियोजनाओं को मार्च 2018 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन किया जाएगा, जबकि छोटी परियोजनाओं की नियोजन विभाग के स्तर से समीक्षा की जाएगी।
सोमवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य देहरादून पहुंचे। शाम को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पांच करोड़ रुपये से अधिक जिन परियोजनाओं में 75 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता पर रखते हुए एक वर्ष के भीतर पूरा किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्रीय वित्त पोषित योजनाओं के कार्यों में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रोजेक्ट की प्रतिमाह की कार्य प्रगति का पूर्ण विवरण दर्ज किया जाए। कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, प्रमुख सचिव आनंद बद्र्धन, सचिव वित्त अमित नेगी, उप्र निर्माण निगम के एमडी विश्व दीपक समेत तमाम अधिकारी उपस्थित थे।
परिसंपत्तियों के मामले में रास्ते खुलेंगे: मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री आवास में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश भाई की तरह हैं। उद्देश्य है कि दोनों प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ें। बहुत सारी सीमाएं जुड़ी हैं। कई मामले ऐसे है जिनमें उत्तर प्रदेश सरकार पूरी उदारता से कार्य करेगी। पहले जिन लोगों ने काम में गड़बड़ी की है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। परिसंपत्तियों के बंटवारे के मामले में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जो भी मामले हैं, उनका रास्ता व समाधान जल्द निकलेगा।
बदरीनाथ-केदारनाथ के दर्शन करेंगे मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के दर्शन करेंगे। वे केदारनाथ में उत्तर प्रदेश निर्माण निगम की ओर से चलाई जा रही परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। पहले उनका कार्यक्रम जागेश्वर धाम जाने का भी था लेकिन व्यस्तता के चलते वे जागेश्वर नहीं जा पा रहे हैं। सोमवार देर शाम उन्होंने देहरादून के स्थानीय मंदिरों के दर्शन भी किए।
यह भी पढ़ें: कुंजवाल ने बोला भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला
यह भी पढ़ें: जय शाह कंपनी की दो सिटिंग जज करें जांच: राज बब्बर