कर्मकार बोर्ड में गड़बड़ी की एसआइटी जांच हो : प्रीतम
प्रदेश में श्रम मंत्री हरक सिंह की नाराजगी को लेकर सरकार को निशाना बना रही कांग्रेस अब श्रम विभाग में गड़बड़ी को लेकर मुखर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कर्मकार कल्याण बोर्ड में घोटाले का अंदेशा जताते हुए इसकी एसआइटी से जांच कराने की मांग की।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में श्रम मंत्री हरक सिंह रावत की नाराजगी को लेकर सरकार को निशाना बना रही कांग्रेस अब श्रम विभाग में गड़बड़ी को लेकर मुखर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में घोटाले का अंदेशा जताते हुए इसकी एसआइटी से जांच कराने की मांग की है।
गुरुवार को मीडिया से बातचीत में प्रीतम सिंह ने कहा कि श्रम विभाग के अधीन उक्त बोर्ड में करीब 400 करोड़ की अनियमितता का अंदेशा जताया जा रहा है। यह मामला गंभीर है। जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। जनता के पसीने की कमाई का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस मुखिया ने भाजपा विधायक महेश नेगी के खिलाफ यौन उत्पीडऩ मामले में कार्यवाही नहीं होने पर भी सत्तारूढ़ दल पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के उत्पीडऩ के मामले बढ़े हैं। सत्तारूढ़ दल के विधायक और संगठन से जुड़े रहे एक नेता के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायतों को दबाया गया है। कांग्रेस सच को जनता के सामने लाती रहेगी। उन्होंने वर्ष 2013 की प्राकृतिक आपदा से केदारनाथ में प्रभावित व्यक्तियों को मुआवजा नहीं देने के लिए राज्य और केंद्र की सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, लेकिन आपदा प्रभावितों को मुआवजा देने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
हिंदू जागरण मंच ने फूंका पुलिस का पुतला
अनुसूचित जाति के युवक की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने के विरोध में हिंदू जागरण मंच ने पुलिस का पुतला फूंका। गुरुवार को लैंसडौन चौक पर पुतला दहन के दौरान महानगर अध्यक्ष जितेंद्र राजपूत ने कहा कि पुलिस अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के साथ दोहरा व्यवहार कर रही है। जसपुर कोतवाली में एक युवक द्वारा शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर टिप्पणी से भाजपाई आहत, पढ़िए पूरी खबर