इस बार 60 फुटा रावण के पुतले का होगा दहन
दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर से परेड ग्राउंड में 71वा दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार पुतला दहन के लिए 60 फुट के रावण का पुतला तैयार किया गया है। शानदार आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
जागरण संवाददाता, देहरादून: दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर से परेड ग्राउंड में 71वा दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार पुतला दहन के लिए 60 फुट के रावण का पुतला तैयार किया गया है। शानदार आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बुधवार को दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर से सचिवालय रोड स्थित एक रेस्तरां मे प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष हरीश विरमानी ने बताया कि 19 अक्टूबर को परेड ग्राउड में होने वाले विजयादशमी पर्व की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। दशहरे के दिन शाम 5:30 बजे लंका दहन और शाम 6:05 बजे रावण का पुतला दहन किया जाएगा। दशहरा कमेटी अध्यक्ष संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि पिछली बार रावण का पुतला 55 फुट का बनाया गया था। इस बार 60 फुट का रावण, 55 फुट कुंभकरण और 50 फुट के मेघनाद का पुतला तैयार किया गया है। बताया कि 20 अक्टूबर को भरत मिलाप के अवसर पर कालिका माता मंदिर से चकराता रोड, कनाट प्लेस, घटाघर से राजपुर रोड होते हुए परेड ग्राउड तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। बताया कि कालिका माता मंदिर समिति के संस्थापक एवं परमाध्यक्ष बालयोगी सर्वदास महाराज के ब्रह्मलीन होने से इस बार शोभायात्रा सादगी से निकाली जाएगी। पिछली बार की तुलना में झांकियां भी कम शामिल होंगी। मुख्य अतिथि के रूप में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी संजीव विज, भरत आहूजा, गुरुजेंद्र सिंह, मनोज साहनी, रमेश खनिजो आदि मौजूद रहे।
डेढ़ माह में तैयार की सोने की लंका
दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी के सदस्यों ने डेढ़ माह की मेहनत के बाद सुंदर लंका तैयार की है। इसके लिए विशेष रूप से सूरत से सुनहरा कपड़ा मंगवाया गया था। तीन मंजिला लंका की लंबाई 40 फुट, चौड़ाई 35 फुट और ऊंचाई 50 फुट है। लंका दहन के दौरान शानदार आतिशबाजी भी की जाएगी। वहीं रामलीला कला समिति की ओर से भी झंडा तालाब में तीन मंजिला 35 फुट लंबी लंका तैयार की गई है। समिति के अध्यक्ष राकेश महेंद्रु ने बताया कि इस बार लंका दहन कार्यक्रम में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी।
यहां भी होंगे आयोजन
श्री सेवा कुंज समिति पटेल नगर की ओर से भी 60 फुट रावण का पुतला तैयार किया गया है। समिति के पंकज चांदना ने बताया कि 10 कारीगरों की मदद से एक महीने में पुतला तैयार किया गया। इस बार पुतला बनाने में कागज की जगह कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही प्रेमनगर दशहरा मैदान में 52 फुटा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। कमेटी के प्रधान सूरज प्रकाश भाटिया ने बताया कि इस बार पर्यावरण हित को ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी नहीं की जाएगी। इसके अलावा सजग सांस्कृतिक समिति की ओर से भी इंदिरानगर स्थित मैदान में की जा रही तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ¨हदू नेशनल इंटर कॉलेज, कांवली दशहरा कमेटी की ओर से साधुराम इंटर कॉलेज आदि स्थानों पर पुतला दहन किए जाएंगे।
स्कूल में मनाया विजयादशमी पर्व
ल्यूसेंट इंटरनेशनल स्कूल में विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने नाटक मंचन के साथ ही मनमोहक नृत्य पेश किए। इस दौरान उप प्रधानाचार्य मणिकांत पांडे आदि मौजूद रहे।