एयरपोर्ट से भागे दो प्रवासियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, दिल्ली से लौटे थे युवक
हवाई अड्डे से दो यात्री अचानक लापता हो गए। बिना क्वारंटाइन के एयरपोर्ट से यात्रियों के गायब होने से पुलिस और प्रशासन सकते में आ गया।
देहरादून, जेएनएन। दिल्ली से हवाई जहाज से जौलीग्रांट पहुंचे दो यात्री अचानक लापता हो गए। बिना क्वारंटाइन के एयरपोर्ट से यात्रियों के गायब होने से पुलिस और प्रशासन सकते में आ गया। बाद में पुलिस ने दोनों युवकों को रानीपोखरी पुल के समीप से गिरफ्तार किया।
शनिवार सुबह दिल्ली से जौलीग्रांट पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट के यात्रियों को एयरपोर्ट के बाहर क्वारंटाइन सेंटर ले जाने के लिए एकत्र किया गया था। इसी बीच एक युवक शौच जाने की बात कहकर यहां से चला गया। कुछ समय बाद दूसरा युवक भी चला गया। जब काफी देर तक दोनों युवक वापस नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन शुरू हुई। मगर, पूरे एयरपोर्ट परिसर में उनका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस भी युवकों की खोज में जुटी रही।
बाद में पुलिस ने अभिषेक भट्ट निवासी सुमन विहार बापूग्राम और शुभम वर्मा निवासी आइडीपीएल ऋषिकेश को रानीपोखरी पुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद आरोपितों को थाने से जमानत दी गई और फिर पेड संस्थागत क्वारंटाइन कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी डोईवाला राकेश बिष्ट ने बताया कि हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सात दिन के लिए संस्थागत पेड क्वारंटाइन में रखा जा रहा है, यह व्यवस्था अधिकांश यात्रियों को पसंद नहीं आ रही है। इन दोनों युवकों ने भी पेड क्वारंटाइन से बचने के लिए यह कदम उठाया था।
स्पा सेंटर में पुलिस का छापा, नौ गिरफ्तार
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले एक स्पा सेंटर पर वसंत विहार थाना पुलिस ने छापा मारते हुए संचालक और ग्राहक समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। एसओ नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि बल्लूपुर चौक के निकट मून स्पा सेन्टर को चेक किया गया। स्पा सेन्टर रात 8 बजे संचालित हो रहा था। स्पा सेंटर में नौ लोग मिले। शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। आरोपितों में संचालक सर्वजीत निवासी पटेलनगर, कर्मचारी अभिषेक, मैनेजर वंदना, ग्राहक आशीष, वसीम, करन और तीन महिला ग्राहक थीं।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: हरिद्वार में कोरोना संक्रमित युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा
चोरी के दो वाहनों के साथ एक दबोचा
वाहन चोरी के मामले में रायपुर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो वाहन बरामद किए गए हैं। एसओ अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि पुलिस टीम रिंग रोड पर चेकिंग कर रही थी, शक पर एक वाहन चालक को रोका । आरोपित का नाम प्रवेश निवासी नालापानी है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: मंडी में बिना मास्क के पहुंचे पांच वेंडर का चालान Dehradun News