विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तिब्बती महिला का पर्स छीनकर भागा प्रेमी युगल, पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News

By Edited By:
Published: Sun, 07 Jul 2019 07:19 PM (IST)Updated: Mon, 08 Jul 2019 11:40 AM (IST)

बंटी-बबली तर्ज पर फिल्मी अंदाज में क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में तिब्बती युवती से पर्स लूटने वाले युवक-युवती को पुलिस ने गिरफतार कर लिया। दोनों सहारनपुर के रहने वाले हैं।

तिब्बती महिला का पर्स छीनकर भागा प्रेमी युगल, पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News
तिब्बती महिला का पर्स छीनकर भागा प्रेमी युगल, पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। बंटी-बबली तर्ज पर फिल्मी अंदाज में क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में तिब्बती युवती से पर्स लूट कर भागे प्रेमी युगल को पुलिस ने चंद घंटे के भीतर ही पकड़ लिया। दोनों के पास से पर्स और लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली गई है। दोनों सहारनपुर के रहने वाले हैं। 

पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। दोनों के खिलाफ क्लेमेनटाउन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि गत देर रात केलसंग छोड़न पुत्री जमंगा निवासी नई बस्ती, तिब्बतन कॉलोनी ने क्लेमेनटाउन थाने में सूचना दी कि वह पास की सब्जी मंडी से सामान लेकर घर जा रही थीं। 

तभी पीछे से आए युवक-युवती ने उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। केलसंग ने बताया कि दोनों काले रंग की बाइक से थे। बाइक पर पीछे युवती बैठी थी। युवती ने उनका पर्स छीना था। 

केलसंग ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी हरकत में आ गए और बाइक का नंबर नोट करने के साथ उसका पीछा शुरू कर दिया। साथ ही क्लेमेनटाउन पुलिस को सूचना दी गई। केलसंग ने बताया कि पर्स में उनका आई कार्ड, एटीएम कार्ड, लॉकर की चाबी और तीन हजार रुपये रखे थे। 

इस पर प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में अलर्ट हुई टीम ने इलाके में नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच पुलिस को ग्राफिक ऐरा के पीछे पिपलेश्वर मंदिर वाले मार्ग पर युवक-युवती दिख गए। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। 

केलसंग से लूटा गया पूरा सामान दोनों के पास से बरामद कर लिया गया। दोनों की पहचान सागर तोमर (20) पुत्र शिव कुमार तोमर निवासी ग्राम शिवपुर, खेड़ा मुगल, थाना देवबंद, सहारनपुर व युवती की पहचान सोनी कश्यप (24) पुत्री जगपाल कश्यप निवासी द्वारकापुरी, थाना हसनपुर चुंगी, सहारनपुर के रूप में हुई है। 

इश्क के फितूर ने पहुंचाया जेल 

पुलिस के अनुसार सागर और सोनी करीब सात-आठ महीने पहले सहारनपुर में संपर्क में आए। नजरें चार हुई तो करीबी बढ़ी और फिर दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई। सोनी सागर से उम्र में चार साल बड़ी तो है कि तलाकशुदा भी है। 

उसने सागर से कहा कि वह उससे शादी तो कर लेगी, लेकिन उसका सात साल का बेटा भी उसके साथ रहेगा। सागर जानता था कि दोनों के प्रेम संबंध को यहां न तो समाज स्वीकार करेगा और न ही उसके घर वाले इस रिश्ते को लेकर राजी होंगे। लिहाजा दोनों ने सहारनपुर छोड़ने का फैसला कर लिया। 

करीब ढाई महीने पहले सागर सोनी और उसके बेटे को लेकर क्लेमेनटाउन के सुभाषनगर में आ गया। यहां दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताते हुए कमरा किराए पर ले लिया। घर चलाने के लिए सागर ने जोमैटो में नौकरी भी कर ली, लेकिन बीस-पचीस दिन पहले नौकरी छूट गई। 

जमा-पूंजी खत्म हुई तो रोटी के लाले पड़ने लगे। तब दोनों ने ही छोटी-मोटी वारदात करने का फैसला किया। केलसंग छोड़न से पर्स लूट की वारदात के अलावा अभी किसी और वारदात में दोनों का नाम सामने नहीं आया है। 

हैरान हो गए दोनों के घर वाले 

प्रभारी एसओ सुनील कुमार ने बताया कि सागर और सोनी के साथ होने की जानकारी दोनों के ही घर वालों को नहीं थी। पकड़े जाने के बाद पुलिसिया कार्रवाई के दौरान दोनो के घर वालों से बातचीत की गई तो वह केवल इतना बता पाए कि दोनों नौकरी करने के नाम पर देहरादून गए थे। दोनों साथ में रह रहे हैं, इसकी जानकारी उन्हें पुलिस से मिली है।

यह भी पढ़ें: दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात उड़ा ले गए चोर Dehradun News

यह भी पढ़ें: पुलिस ने तीन शातिर दबोचे, चार चोरियों का किया खुलासा Dehradun News

यह भी पढ़ें: ऊर्जा निगम के जेई के घर के ताले तोड़कर लाखों की चोरी Dehradun News