यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Pariksha Pe Charcha: पीएम मोदी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से करेंगे संवाद, उत्तराखंड के 56 हजार छात्र-शिक्षक जुड़ेंगे
Pariksha Pe Charcha प्रदेश में देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में 310 छात्र-छात्राएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून: Pariksha Pe Charcha प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 'परीक्षा पे चर्चा' की पांचवी कड़ी में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री परीक्षा के तनाव और संबंधित विषय पर न केवल अपनी राय रखेंगे, बल्कि इनसे जुड़े प्रश्नों का भी जवाब देंगे। प्रदेश में देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में 310 छात्र-छात्राएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में कार्यक्रम देखेंगे।
साथ ही 96 छात्र-छात्राएं राजभवन में ले. जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहीं, राज्य के विभिन्न विद्यालयों में स्वयं प्रभा चैनल के माध्यम से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा जाएगा।
गुरुवार को दूरदर्शन केंद्र में आयोजित प्रेस वार्ता में पीआइबी के अपर महानिदेशक विजय कुमार ने परीक्षा पे चर्चा-2022 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन (डीडी नेशनल, डीडी न्यूज, डीडी इंडिया), रेडियो चैनल, टीवी चैनल, एडुमिनोफ इंडिया, नरेन्द्र मोदी, पीएमओ इंडिया, पीआइबी इंडिया के यूट्यूब चैनल सहित डिजिटल मीडिया, दूरदर्शन नेशनल, मायगव इंडिया, डीडी न्यूज, राज्यसभा टीवी, स्वयं प्रभा पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
संजीती व विश्वजीत पूछेंगे सवाल
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड से एक छात्र व एक छात्रा का चयन हुआ है। इनमें देहरादून जिले के कालसी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की 12वीं की छात्रा संजीती चौहान व आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-वन रुड़की के 11वीं के छात्र विश्वजीत शामिल हैं। दोनों छात्र परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से सवाल पूछेंगे।
रचनात्मक लेखन पर 22 छात्रों का चयन, मिलेंगे प्रशंसा पत्र
इस आयोजन के तहत रचनात्मक लेखन के जरिये 22 छात्रों का चयन किया गया है। जिन्हें प्रशंसा पत्र और प्रधानमंत्री की लिखित पुस्तक एग्जाम वारियर्स सहित एक विशेष परीक्षा पे चर्चा किट प्रदान की जाएगी। पीआइबी के अपर महानिदेशक ने कहा कि इन प्रतिभागियों का चयन 28 दिसंबर 2021 से तीन फरवरी 2022 तक आयोजित रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता के जरिये किया गया है। जिसमें उत्तराखंड के 80 हजार लोग (60,792 छात्र, 5,733 अभिभावक और 13,181 शिक्षक) समेत देशभर के लगभग 16 लाख प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। मायगव पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से देशभर से 2050 प्रतिभागियों को चुना गया है।
स्कूलों में टीवी पर देखेंगे कार्यक्रम
महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी ने बताया कि इस कार्यक्रम को स्कूलों में दूरदर्शन के माध्यम से छात्रों को दिखाया जाएगा। स्कूलों में टीवी आदि की व्यवस्था कर दी गई है। स्कूलों में मंत्री, विधायक आदि भी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में 56 हजार से अधिक छात्र व शिक्षक इसमें प्रतिभाग करेंगे।
