महिला की आंख से निकला कुछ ऐसा, बंद करना पड़ा ओटी; पढ़िए पूरी खबर
दून अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की नीचे की पलक से परजीवी जैसा कुछ निकल आया। जिसके बाद एहतियातन ऑपरेशन थिएटर बंद कर दिया गया है।
देहरादून, जेएनएन। यदि आप दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में आंख का ऑपरेशन कराने की सोच रहे हैं तो इंतजार करना पड़ेगा। अस्पताल में अब गुरुवार तक ऑपरेशन नहीं होंगे। यहां ऑपरेशन के दौरान एक महिला की नीचे की पलक से परजीवी जैसा कुछ निकल आया। जिसके बाद एहतियातन ऑपरेशन थिएटर बंद कर दिया गया है। इसे ठीक ढंग से सैनिटाइज करने के बाद ही खोला जाएगा।
टिहरी निवासी 65 वर्षीय महिला दिलो देवी का अस्पताल में मोतियाबिंद का ऑपरेशन होना था। मंगलवार सुबह महिला को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। जैसे ही चिकित्सकों ने उसकी आंख की जांच की तो उन्हें कुछ ऐसा दिखा जो सामान्य नहीं था। महिला की नीचे की पलक में गांठ जैसा कुछ था।
चिकित्सकों को इस बात की आशंका है कि यह कोई परजीवी भी हो सकता है। जिसके बाद एहतियातन ऑपरेशन थिएटर बंद कर दिया गया।
नेत्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील ओझा ने बताया कि सैंपल अभी जांच के लिए भेजा गया है। इसके बाद ही पता लग पाएगा कि यह परजीवी है, या कुछ और। बहरहाल किसी अन्य मरीज को इंफेक्शन न हो, इसलिए एहतियातन ऑपरेशन थिएटर बंद कर दिया गया है। यहां साफ-सफाई कर फार्मालिन का धुआं किया जाएगा। इससे संक्रमण का खतरा नहीं रहता है। पूरी तरह संतुष्ट हो जाने के बाद ही ऑपरेशन थिएटर खोला जाएगा। संभवत: गुरुवार दोपहर तक ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: बच्चों की अदला-बदली का मामला, अस्पताल के पक्ष में सीएमओ कार्यालय की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: महिलाओं के लिए मिसाल बनीं 20 साल की मीरा, जानिए उनका रोमांच भरा सफर