उत्तराखंड में हवाई सेवाओं का विस्तार, पंतनगर से लखनऊ और बनारस के लिए उड़ानें जल्द
उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी है, जिसमें पंतनगर एयरपोर्ट से लखनऊ और बनारस के लिए उड़ानें शुरू ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विकास गुसाईं, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। इस कड़ी में नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केंद्र सरकार के समक्ष पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के साथ ही यहां से लखनऊ और बनारस के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया गया है।
वहीं, सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण गुंजी तथा चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टियों को भी उड़ान 2.0 योजना के अंतर्गत विकसित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रदेश में हवाई सेवाएं लगातार पंख फैला रही हैं। नए गंतव्यों व पर्यटन स्थलों के लिए हवाई व हेली सेवा संचालित की जा रही हैं।
यहां से दूसरे राज्यों के लिए हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए यूकाडा का जोर मौजूदा हवाई ढांचे को मजबूत करने के साथ नए गंतव्यों को जोड़ने पर है। केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों तक हवाई नेटवर्क का फैलाव हो रहा है।
पंतनगर एयरपोर्ट कुमाऊं मंडल के लिए हवाई संपर्क का प्रमुख केंद्र है। यहां से अभी देहरादून और दिल्ली के लिए हवाई सेवा संचालित होती है। अब यहां से लखनऊ और बनारस के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प देने की तैयारी है।
इससे व्यावसायिक गतिविधियों के साथ पर्यटन और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सीमांत क्षेत्रों में हवाई ढांचा मजबूत करने पर जोर यूकाडा ने गुंजी और चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टियों को विकसित करने का प्रस्ताव भी केंद्र को भेजा है।
गुंजी पिथौरागढ़ जिले का सीमांत क्षेत्र है, जबकि चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी जिले में स्थित है। अभी यहां हेली सेवाएं संचालित हो रही हैं। इन क्षेत्रों में हवाई सुविधाओं का विकास होने से दुर्गम इलाकों तक पहुंच बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
‘प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारी है। इस कड़ी में केंद्र से गुंजी व चिन्यालीसौड़ एयरपोर्ट विकसित करने के साथ ही पंतनगर से बनारस व लखनऊ के लिए हवाई सेवा संचालित करने का प्रस्ताव भेजा गया है।’
प्रतीक जैन, मुख्य अधिशासी अधिकारी यूकाडा
यह भी पढ़ें- पंतनगर एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल जारी, 25 अक्टूबर से नए समय पर संचालित होंगी उड़ानें
यह भी पढ़ें- फर्जी प्रमाण पत्र मामलाः अब पंतनगर में भी फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का खुलासा, एजेंट सहित चार पर मुकदमा दर्ज
