उत्तराखंड में 30 साल बाद पांडव नृत्य की वापसी, क्यावा गांव में ढोल-बाजे के साथ मनाया गया त्योहार
जौनसार के क्यावा गांव में 30 साल बाद पौराणिक देवस्थल ठारी पर पांडव नृत्य का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने खुशहाली की कामना की।
-1793718786004_m.webp)
3 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-बाजे और भंडारे के साथ संपन्न हुआ, जिससे नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ा गया।
HighLights
क्यावा गांव में 30 साल बाद पांडव नृत्य का आयोजन।
पौराणिक देवस्थल ठारी पर खुशहाली हेतु पूजा-अर्चना।
तीन दिवसीय अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार और भंडारा संपन्न।
संवाद सूत्र, त्यूणी। जौनसार में बहलाड खत से जुड़े क्यावा गांव में करीब 30 वर्ष बाद पौराणिक देवस्थल (ठारी) के पूजन में पांडव नृत्य का आयोजन होने से लोगों में उत्साह है। पुरोहित पंडित, देवमाली व कारिंदों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर देवता से खुशहाली की कामना की। तीन दिन चले पांडव नृत्य से धार्मिक अनुष्ठान मंगलवार को संपन्न हुआ।
स्थानीय मान्यता के अनुसार जौनसार बावर में कई जगह निर्धारित प्रक्रिया के तहत पांडव नृत्य की परंपरा है। बहलाड खत के क्यावा गांव में स्थानीय लोगों ने देवता की आज्ञा से तीन दशक के लंबे अंतराल बाद पांडव नृत्य को धार्मिक अनुष्ठान रखा। यहां जमा सैकड़ों लोग धार्मिक परंपरा का हिस्सा बने। पुरोहित पंडित, देवमाली व कारिंदों ने ग्रामीणों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार से पौराणिक देवस्थल जिसे स्थानीय भाषा में ठारी कहते हैं, का पूजन किया।
स्थानीय महिलाओं व पुरुषों ने ढोल बाजे के साथ ठारी के पूजन में पांडव नृत्य से देवता की स्तुति की। पांडव नृत्य के समय कई लोगों में देवता के भाव प्रकट हो गए। ढोल बाजे के साथ पांडवों ने घर-घर जाकर लोगों से भिक्षा मांगी और पंडितों ने खुशहाली की कामना को गांव के चारों तरफ सूत्र बांधा। गांव में फेरा लगाने के बाद पांडवों ने देवता की आराधना की। पांडव नृत्य एवं धार्मिक अनुष्ठान में प्रत्येक परिवार से एक-एक सदस्य ने उपवास रखा।
मंगलवार को पांडव नृत्य के संपन्न होने से भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ कमाया। धार्मिक उत्सव से समाज की नई पीढ़ी को परंपरागत संस्कृति की विशेषता बताई। इस मौके पर खत बहलाड के अध्यक्ष बलबीर सिंह चौहान, प्रधान पूनम नेगी, बीडीसी बिमला चौहान, केशर नेगी, मिजान सिंह चौहान, पूरण सिंह नेगी, चमन सिंह, श्याम सिंह सूपा, नेगी, मनोज शर्मा, रतन शर्मा, आशीष जोशी, संतराम तोमर, प्रताप सिंह चौहान, बबलू आदि मौजूद रहे।