भाजपा ने घोषित किए प्रमुख पदों के आठ और प्रत्याशी
ब्लाक प्रमुख पदों के लिए भाजपा ने अपने आठ और उम्मीदवारों की सूची जारी की है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून:
ब्लाक प्रमुख पदों के लिए भाजपा ने अपने आठ और उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इनमें चार गढ़वाल और चार कुमाऊं मंडल के लिए हैं। इसके साथ ही पार्टी अब तक ब्लाक प्रमुख के 89 पदों में से 61 पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष के 12 में से शेष रह गए तीन पदों के लिए भी प्रत्याशियों के नाम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इनकी घोषणा एक-दो दिन में कर दी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने मंगलवार को प्रमुख पदों के आठ उम्मीदवारों की सूची जारी की। इनमें पूनम (गदरपुर), हरीश बिष्ट (भीमताल), विनीता बाफिला (बेरीनाग), जीवन भट्ट (कोटाबाग), दलवीर सिंह दानू (देवाल), अरविंद रावत (नौगांव), उत्तम सिंह नेगी (कीर्तिनगर) व राकेश भारद्वाज (जयहरीखाल) शामिल हैं।
प्रदेश महामंत्री भंडारी ने बताया कि इसके साथ ही पार्टी अब तक ब्लाक प्रमुख के 61 पदों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। शेष प्रत्याशियों की सूची भी एक-दो दिन में जारी कर दी जाएगी।