पंचायत चुनाव: उत्तराखंड में 1670 ग्राम प्रधान निर्विरोध निर्वाचित
उत्तराखंड की पंचायतों में 1670 ग्राम प्रधान 20365 ग्राम पंचायत सदस्य 374 क्षेत्र पंचायत सदस्य और नौ जिला पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। हरिद्वार को छोड़ उत्तराखंड के शेष 12 जिलों में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नाम वापसी के बाद उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। पंचायतों में 1670 ग्राम प्रधान, 20365 ग्राम पंचायत सदस्य, 374 क्षेत्र पंचायत सदस्य और नौ जिला पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। चुनाव मैदान में अब 36227 उम्मीदवार मैदान में डटे हैं।
इसके साथ ही प्रथम चरण में पांच अक्टूबर को 30 विकासखंडों में होने वाले मतदान को देखते हुए चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 20 सितंबर से नामांकन दाखिल करने के साथ चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई। 25 से 27 सितंबर तक नामांकन पत्रों की जांच हुई, जिसमें 5802 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए।
शनिवार को नाम वापसी का दिन था। विभिन्न पदों पर खड़े 3680 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए थे। इसके साथ ही उम्मीदवारों को लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान, ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य पदों पर 22688 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। शेष 43709 पदों के लिए अब 36227 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
यह भी पढ़ें: पंचायत चुनाव: आठ जिलों में 3910 नामांकन हुए निरस्त
यह भी पढ़ें: नागालैंड की बेटी ल्हंग खोबोई बनी गवाणा गांव की निर्विरोध प्रधान