मंडलों में प्रवास करेंगे भाजपा के सभी मोर्चों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यक्रम के अनुसार तय हुई जिम्मेदारी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चों के पदाधिकारी महीने में 10 दिन अपने क्षेत्र मंडल में प्रवास करेंगे। पार्टी के सभी कार्यक्रम तय हो चुके हैं और उसी अनुसार मोर्चों की जिम्मेदारी तय की गई है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चों के पदाधिकारी महीने में 10 दिन अपने क्षेत्र, मंडल में प्रवास करेंगे। पार्टी के सभी कार्यक्रम तय हो चुके हैं और उसी अनुसार मोर्चों की जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सभी मोर्चों ने बेहतर कार्य किया है। अब चुनाव में उनकी भागीदारी तय की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के क्रम में मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में सभी मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कौशिक ने यह बात कही।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करेगी। इसके लिए योजना भी तैयार कर ली गई है। बरसात के कारण कार्यों में कुछ बाधा आ सकती है, लेकिन 15 अगस्त तक सभी कार्यों के शासनादेश जारी कर दिए जाएंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने सभी मोर्चों के पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मोर्चा 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर प्रदेश के सभी 11235 बूथों पर 10-10 पौधे लगाएगा। इस दिन सात लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी मोर्चे टीकाकरण के लिए गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाएंगे।
चुनाव के मद्देनजर संगठन के कार्यों को गति देने के उद्देश्य से छह महीने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विस्तारक नियुक्त किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि से दो अक्टूबर तक मेरा परिवार, भाजपा परिवार संपर्क अभियान चलाया जाएगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, कुलदीप कुमार व राजेंद्र भंडारी, सभी सातों मोर्चों के अध्यक्ष व उनके प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कोराना काल में भाजयुमो व महिला मोर्चा की भूमिका की सराहना की।
यह भी पढ़ें- युवा कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन, कहा- इसके लिए केंद्र की गलत नीतियां जिम्मेदार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।