वाहन की टक्कर से गुलदार की मौत, वन अधिकारियों में मचा हड़कंप
देहरादून हरिद्वार हाईवे के बीच छिदरवाला वन विकास निगम के गोदाम के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर में एक व्यस्क नर गुलदार की मौत हो गई।
देहरादून, जेएनएन। बड़कोट रेंज के अंतर्गत देहरादून हरिद्वार हाईवे के बीच छिद्दरवाला वन विकास निगम के गोदाम के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर में एक व्यस्क नर गुलदार (तेंदुए) की मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गुलदार के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसको जला दिया गया। वन विभाग द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बड़कोट वन रेंज के अंतर्गत छिददरवाला राजकीय इंटर कॉलेज से आगे वन विकास निगम के गोदाम के सामने मुख्य हाईवे के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर लगने से एक गुलदार की मौत हुई है। रेंज अधिकारी बड़कोट केसर सिंह नेगी ने बताया कि घटना सुबह 5:30 बजे के आसपास की है। उन्होंने बताया की शुक्रवार सुबह गश्त के दौरान मौजूद वन विभाग की टीम द्वारा सूचना मिलते ही गुलदार के शव को अपने कब्जे में किया गया। मृत गुलदार को वन विभाग की जिप्सी में बड़कोट लाया गया। उन्होंने बताया कि राजाजी नेशनल पार्क, जूह व एनजीओ के चिकित्सक सहित तीन डॉक्टरों के पैनल की देखरेख में गुलदार का पोस्टमार्टम किया गया। उप वन प्रभागीय अधिकारी ऋषिकेश भारत भूषण मार्तोलिया की उपस्थिति में बड़कोट वन परिसर में गुलदार को जला दिया गया। रेंज अधिकारी केसर सिंह नेगी ने बताया कि नर गुलदार व्यस्क था।
यह भी पढ़ें: किचन में घुसा गुलदार का शावक, दिन भर मची रही अफरा-तफरी
यह भी पढ़ें: पति के साथ घर आ रही महिला पर गुलदार ने किया हमला, जैसे-तैसे बची जान