विफलता से ध्यान हटाने को एनआरसी का मुद्दा: प्रीतम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर पर सरकार के रुख पर पलटवार किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर पर सरकार के रुख पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एनआरसी की आड़ में भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है।
मीडिया की ओर से एनआरसी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यदि कोई विदेशी रह रहा हो तो उसे निकालने का कोई भी राजनीतिक दल विरोध नहीं कर रहा है। उत्तराखंड में ऐसे मामले हैं तो सरकार को बताना चाहिए कि उसने क्या कार्रवाई की है। अब तक कितनी गिरफ्तारी हुई हैं। असम में एनआरसी लागू किया गया है, लेकिन वहां भाजपा के लोग ही इसके विरोध में आ गए हैं। हरियाणा में विधानसभा चुनाव नजदीक देखकर भाजपा ने एनआरसी का राग अलापना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी पंचायत चुनाव की चुनौती को देखकर प्रदेश सरकार जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।