विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नेतृत्व परिवर्तन के बाद बदली रणनीति पर आगे बढ़ रही कांग्रेस, जनसरोकार के मुद्दों पर साथ होगी खड़ी

By Nirmala BohraEdited By:
Published: Mon, 25 Apr 2022 11:18 AM (IST)

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस को मजबूती तब मिलेगी जब पार्टी इस कठिन समय में जन सरोकार ...और पढ़ें

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।

राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के बाद कांग्रेस अब बदली रणनीति पर आगे बढ़ रही है। नए प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस को मजबूती तब मिलेगी, जब पार्टी इस कठिन समय में जन सरोकार के मुद्दों पर साथ खड़ी होगी। उन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए विधायकों को भी जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारी सौंपने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने पार्टी में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।

रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कांग्रेस के जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ ही अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी के महत्वपूर्ण अंग हैं। आज कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत है। हर कार्यकर्ता को विपरीत परिस्थितियों में जनता के साथ खड़े रहना है। उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। जिस जिले व ब्लाक में कार्यक्रम होगा वहां के स्थानीय नेता व कार्यकत्र्ता को मंच पर स्थान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस समय देश और राज्य वैचारिक संकट से गुजर रहा है। सरकार की नीतियां संविधान तथा कल्याणकारी राज्य की मूल अवधारणा के खिलाफ हैं। पार्टी इस विचारधारा के खिलाफ संघर्ष करेगी। इसके लिए एक विशेष अभियान, विचार, विचारधारा और विरासत शुरू किया गया है। इसके तहत अगले वर्ष से अनेक कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह 28 अप्रैल से गढ़वाल का दौरा करेंगे, जिसका समापन नौ मई को होगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर पार्टी कार्यकत्र्ताओं को अग्रिम पंक्ति तक लाया जाएगा। इसके लिए हर क्षेत्र में वैचारिक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसका खाका भी तैयार किया जा रहा है। बैठक में महामंत्री संगठन मथुरा दत्त जोशी, विजय सारस्वत समेत विभिन्न जिलों, महानगर व अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्ष उपस्थित थे।

पीसीसी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आज

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने बताया कि सोमवार को पीसीसी के शीर्ष नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता कांग्रेस विधायक दल यशपाल आर्य, उप नेता कांग्रेस विधायक दल भुवन कापड़ी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, मंत्री प्रसाद नैथानी, दिनेश अग्रवाल, हीरा सिंह बिष्ट, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के साथ ही पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में चम्पावत सीट पर होने वाले उपचुनाव के संबंध में भी चर्चा होगी।

बैठक में नहीं पहुंचे कई अध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष की पहली बैठक में कई जिलों व अनुषांगिक संगठनों के अध्यक्ष नहीं पहुंचे। उनकी अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। इस संबंध में प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि बैठक में केवल तीन जिलों यानी पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के जिलाध्यक्ष नहीं आ पाए। ये सभी निजी कार्यों में व्यस्त थे। इसकी सूचना पार्टी को उपलब्ध कराई गई थी।