नगर निगम ने शहरवासियों को दी बड़ी राहत, अब 28 फरवरी तक लें सकेंगे हाउस टैक्स में छूट
नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए हाउस टैक्स में दी जा रही 20 फीसद छूट की अंतिम समय-सीमा आठ दिन बढ़ा दी है। पहले यह सीमा 20 फरवरी तक थी मगर शनिवार को महापौर सुनील उनियाल गामा ने इसे 28 फरवरी तक बढ़ा दिया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए हाउस टैक्स में दी जा रही 20 फीसद छूट की अंतिम समय-सीमा आठ दिन बढ़ा दी है। पहले यह सीमा 20 फरवरी तक थी मगर शनिवार को महापौर सुनील उनियाल गामा ने इसे 28 फरवरी तक बढ़ा दिया है। महापौर ने बताया कि कोरोना की वजह से हाउस टैक्स काफी कम जमा हुआ है। ऐसे में शहरवासियों को मौका दिया गया है कि वे छूट का लाभ लेकर टैक्स जमा करा दें।
कोरोना काल के कारण नगर निगम को इस वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स की वसूली के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। बीते वर्ष मार्च में लॉकडाउन लगने व इसके कारण तीन माह तक टैक्स जमा न होने की वजह से निगम इस वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के सापेक्ष 50 फीसद तक ही पहुंच पाया। इस वित्तीय वर्ष में निगम ने हाउस टैक्स में 50 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा हुआ है, जबकि अभी तक महज 25 करोड़ रुपये टैक्स ही जमा हुआ है। करीब डेढ़ लाख भवनों पर टैक्स लगा हुआ है, लेकिन इस वित्तीय वर्ष में अब तक करीब 75 हजार भवनों से ही टैक्स वसूली हो पाई है। हाउस टैक्स नगर निगम राजस्व का बड़ा साधन है व इसकी वसूली न होने से अधिकारी चिंतित हैं।
राजमार्ग का अंधेरा हुआ दूर
दून-पांवटा राजमार्ग पर पंडितवाड़ी से बल्लूपुर फ्लाइओवर तक का अंधेरा नगर निगम ने दूर कर दिया। यहां निगम की ओर से लगाए गए 30 नए पोल व एलईडी स्ट्रीट लाइटों का शनिवार देर शाम महापौर सुनील उनियाल गामा ने लोकार्पण किया। लाइट न होने से इस डेढ़ किमी लंबे मार्ग में लगातार सड़क हादसे हो रहे थे। स्थानीय निवासियों ने महापौर से स्ट्रीट लाइटें लगाने की अपील की थी। महापौर ने कहा कि निगम शहर के सभी नए क्षेत्रों में 47 हजार नई लाइटें लगा रहा है। इसके बाद पूरा शहर दूधिया रोशनी से जगमग हो जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, क्षेत्रीय पार्षद अंकित अग्रवाल, दिनेश रावत, रमेश काला समेत राजेश रावत आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।