विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब निर्दलीय विधायक कैड़ा ने की मुख्यमंत्री के लिए सीट छोड़ने की पेशकश

By Sunil NegiEdited By:
Published: Wed, 24 Mar 2021 06:30 AM (IST)

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए भाजपा विधायकों के बाद भीमताल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रामसिंह कैड़ा ने भी ...और पढ़ें

भीमताल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रामसिंह कैड़ा। फाइल फोटो
भीमताल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रामसिंह कैड़ा। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए भाजपा विधायकों के बाद भीमताल विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रामसिंह कैड़ा ने भी अपनी सीट छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भीमताल से चुनाव लड़ते हैं तो निश्चित रूप से इस क्षेत्र में और तेजी से विकास होगा। कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत कोटद्वार और विधायक महेंद्र भट्ट अपनी बदरीनाथ सीट मुख्यमंत्री के लिए छोड़ने की पेशकश पहले ही कर चुके हैं।

प्रदेश सरकार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद पौड़ी गढ़वाल सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत की मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी हुई है। नियमानुसार अब उन्हें छह माह के भीतर विधानसभा की सदस्यता लेनी है। मुख्यमंत्री के लिए उपयुक्त सीट को लेकर पार्टी में चर्चा शुरू हो गई है। अभी तक मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए भाजपा विधायक सीट छोड़ने की पेशकश के साथ आगे आ रहे थे। तीरथ के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण के दिन ही बदरीनाथ से भाजपा विधायक महेंद्र भट्ट उनके लिए अपनी सीट खाली करने की बात कह चुके हैं। इसके बाद कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने एक कदम आगे बढ़ते हुए सीधे आलाकमान के सामने ही इस तरह की पेशकश की थी। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री के लिए वह अपनी कोटद्वार विधानसभा सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने पौड़ी संसदीय सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की।

अब भाजपा सरकार को समर्थन दे रहे भीमताल विधायक कैड़ा भी मुख्यमंत्री के लिए अपनी सीट छोड़ने की पेशकश के साथ आगे आए हैं। विधायक कैड़ा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से फोन पर बात उनके लिए सीट छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री नरायण दत्त तिवारी रामनगर से उप चुनाव लड़े और रामनगर का विकास हुआ, उसी तरह मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भीमताल से चुनाव लड़ते हैं तो ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।

यह भी पढ़ें-सीएम के बच्चों वाले बयान को कांग्रेस ने बताया अशोभनीय, कही ये बात

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें