यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Competetive Exam: अब एक दिन में दो प्रतियोगी परीक्षाएं आसानी से दे सकेंगे अभ्यर्थी, जानिए कैसे होगा मुमकिन
अगर आपने ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता के साथ आबकारी सिपाही व प्रवर्तन सिपाही की भर्ती परीक्षा के लिए भी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। अगर आपने ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता के साथ आबकारी सिपाही व प्रवर्तन सिपाही की भर्ती परीक्षा के लिए भी आवेदन किया है और आपके परीक्षा केंद्र अलग-अलग शहरों में हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभ्यर्थियों के केंद्र में परिवर्तन का निर्णय लिया है। इसके लिए अभ्यर्थी तत्काल आयोग की ई-मेल chayanayog@gmail.com पर सूचित करें, जिससे उनके केंद्र में परिवर्तन किया जा सके। अन्य स्थितियों में परीक्षा केंद्र में परिवर्तन का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि आगामी दस जनवरी को सुबह की पाली में दस से 12 बजे के बीच ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता के 252 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर दो से शाम चार बजे तक आबकारी सिपाही एवं प्रवर्तन सिपाही के 127 पदों के लिए संयुक्त परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी ने दोनों परीक्षाओं में आवेदन किया है तो वह परीक्षा केंद्र बदलने की सिफारिश कर सकते हैैं। बशर्ते अभ्यर्थी इसकी जानकारी आयोग की मेल पर दें। दोनों परीक्षाओं के लिए कुल 22,100 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं।
बीएड टीईटी प्रशिक्षितों ने बंशीधर को सौंपा ज्ञापन
बीएड, टीईटी प्रशिक्षित महासंघ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं गिनाईं। साथ ही बेसिक स्कूलों में भर्ती जल्द शुरू कराने की मांग की। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान उत्तराखंड राजकीय प्राथमिक शिक्षा सेवा नियमावली के अनुसार प्रशिक्षण वर्ष की श्रेष्ठता व गुणांक के आधार पर भर्ती की मांग की।
साथ ही वर्तमान में गतिमान भर्ती प्रक्रिया में सेवानिवृत्त और पदोन्नति के 31 मार्च 2021 के पदों को भी शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल में बेसिक स्कूलों में भर्ती का विज्ञापन अब तक नहीं आया है। भुवन सिंह ने बताया कि बंशीधर भगत ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में दीपक चंद्रा, गंगा बिष्ट, सुमित गोस्वामी आदि शामिल रहे।
